केकड़ी, 21 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस पर शनिवार को नगर परिषद रंगमंच पर उपखण्ड स्तरीय योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य’ की थीम पर आयोजित कार्यक्रम में विधायक शत्रुघ्न गौतम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। शुरुआत में अतिथियों ने योग ऋषि पतंजलि के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलन किया। सामूहिक योगाभ्यास से पहले आयोजन स्थल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस पर दिए गए संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। आयुर्वेद विभाग एवं पतंजलि योग समिति ने अतिथियों का उपरणा ओढ़ाकर स्वागत किया।
कराए योग के विभिन्न आसन: इस दौरान योग शिक्षक जे.पी. सोनी, सत्यनारायण सोनी सहित अन्य ने महिला-पुरुषों को योग व प्राणायाम आदि का अभ्यास करवाया। इसमे कपालभाति, शीतली, अनुलोम विलोम, भ्रामरी, प्राणायाम आदि शामिल है। इस दौरान आयुर्वेद कॉलेज के छात्र—छात्राओं ने न केवल पारंपरिक योग आसनों का प्रदर्शन किया, बल्कि पिरामिड योग जैसी जटिल शैलियों को भी सफलतापूर्वक प्रस्तुत किया। उनके सटीक और कलात्मक प्रदर्शन ने सभी उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए किया प्रेरित: मुख्य अतिथि विधायक शत्रुघ्न गौतम ने अपने संबोधन में योग को दैनिक दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, यह जीवन जीने की कला है। योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं। यह न केवल तन-मन को सुदृढ़ करता है, बल्कि जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा भी भरता है। मन मस्तिष्क शांत रहता हैं। योग करना मानव जीवन के लिए बहुत ही गुणकारी है। कार्यक्रम के अंत में गौतम ने सभी उपस्थित लोगों को नियमित रूप से योग करने का संकल्प दिलाया। ताकि वे स्वस्थ और संतुलित जीवन जी सके।
ये रहे मौजूद: इस मौके पर अतिरिक्त जिला कलक्टर चन्द्रशेखर भण्डारी, उपखण्ड अधिकारी सुभाष चन्द्र हेमानी, तहसीलदार बंटी राजपूत, पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा, पंचायत समिति प्रधान होनहार सिंह राठौड़, नगर परिषद सभापति कमलेश साहू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता एवं शहरवासी मौजूद रहे। संचालन सुरेन्द्र जोशी ने किया। योगाभ्यास के बाद नगर परिषद द्वारा प्रतिभागियों को जूस व फ्रुटी का वितरण किया गया।
यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ होम्योपैथी, केकड़ी: अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस पर शनिवार को यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ होम्योपैथी में योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्राचार्य पुनीत आर. शाह ने योग के महत्व से अवगत कराया। योगाचार्य डॉ. लोकेश कुमार धाकड़ ने उपस्थित सभी शैक्षणिक, गैर शैक्षणिक सदस्यों एवं विद्यार्थियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की क्रियाएं करवाई। बी.एच.एम.एस. के विद्यार्थियों ने संगीतमयी योग का प्रदर्शन कर मन मोह लिया। इस मौके पर 150 से अधिक प्रतिभागी मौजूद रहे।
योग से मिलता स्वस्थ शरीर व आत्मिक बल: राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर तालुका विधिक सेवा समिति केकड़ी की ओर से न्यायालय परिसर में योग दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में तालुका विधिक सेवा समिति अध्यक्ष व अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश संख्या-02 प्रवीण कुमार वर्मा ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ बनाता है बल्कि मानसिक शांति एवं आत्मिक बल भी प्रदान करता है। इस मौके पर सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट शुभम गुप्ता, न्यायालय कर्मचारी, अधिवक्ता, होमगार्ड्स और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। योग प्रशिक्षक आशाराम कुमावत ने सूर्य नमस्कार, प्राणायाम, वज्रासन, भ्रामरी व ध्यान जैसी योग मुद्राओं का अभ्यास करवाया और सभी को नियमित योग का संकल्प दिलाया।
कॉलेज में चलाया ‘योग भी-वोट भी’ अभियान: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर राजकीय महाविद्यालय में योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। योग प्रशिक्षक रविंद्र सिंह शक्तावत ने विद्यार्थियों व स्टाफ को विभिन्न योग मुद्राओं व आसनों का अभ्यास कराया। साथ ही योग को तनाव मुक्ति, शारीरिक स्फूर्ति और मानसिक शांति का सशक्त माध्यम बताया। प्राचार्य चेतन लाल रेगर ने योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य देन बताते हुए विद्यार्थियों से इसे अपनी दिनचर्या में अपनाने की अपील की। इस अवसर पर ‘योग भी-वोट भी’ अभियान के तहत मतदाता जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें सभी उपस्थित विद्यार्थियों और स्टाफ सदस्यों को मतदान हेतु शपथ दिलाई गई। संचालन डॉ. नीता चौहान ने किया। ज्योति मीना ने आभार जताया। इस मौके पर राजेश नरुका, डॉ. कोमल सोनी, डॉ. रजनी, शहजाद अली, तन्नू बसवाल, मनोज ढाका सहित अन्य स्टाफ सदस्य व विद्यार्थी उपस्थित रहे।