Site icon Aditya News Network – Kekri News

पोक्सो एक्ट का आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार, जंगल में काट रहा था फरारी

प्रतीकात्मक फोटो

केकड़ी, 05 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भिनाय थाना पुलिस ने पोक्सो एक्ट के मामले में त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी को मात्र 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। थानाधिकारी ओमप्रकाश मीणा ने बताया कि परिवादी ने 3 फरवरी को थाने में उपस्थित होकर एक रिपोर्ट पेश की थी। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2)(एम), 78(2), 79 व पोक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की धरपकड़ के लिए विशेष टीम का गठन किया गया।

पुलिस ने रखी कड़ी निगरानी: घटना के बाद से ही मुख्य आरोपी गिरफ्तारी के डर से अपने रिश्तेदारों, दोस्तों के ठिकानों व जंगलों में छिपकर फरारी काट रहा था। पुलिस टीम अपराधियों पर कड़ी निगरानी रख रही थी व मुखबिरों का जाल बिछाया गया था। सूचना मिली कि आरोपी मौका पाकर बाहर भागने की फिराक में है, जिस पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी गजेन्द्र कुमार रेगर (20) पुत्र भगवान लाल रेगर निवासी देवलिया कलां को दबोच लिया।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका: पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा के निकटतम सुपरविजन में की गई इस कार्रवाई में थानाधिकारी ओमप्रकाश, एएसआई गिरधारी सिंह, हेड कांस्टेबल बनवारी लाल, कांस्टेबल मंजीत, सुनील व मनमोहन की विशेष भूमिका रही। पुलिस फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से गहनता से पूछताछ व अनुसंधान कर रही है।

Exit mobile version