केकड़ी, 11 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): विश्वविख्यात हास्य कवि व संवेदनशील गीतकार स्व. सुरेन्द्र दुबे की स्मृति में ‘श्री सुरेन्द्र दुबे स्मृति संस्थान‘ द्वारा 17 अप्रैल को पुष्कर स्थित गायत्री मणिवेदिक शक्तिपीठ पर स्वामी प्रखर महाराज के सानिध्य में भव्य सम्मान समारोह व अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। संस्थान के अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश दुबे ने बताया कि यह आयोजन पुष्कर में चल रहे 43 दिवसीय ऐतिहासिक ‘गायत्री पुरश्चरण महायज्ञ‘ के अंतर्गत रात्रि 8 बजे से आयोजित होगा। स्वामी प्रखर महाराज के सानिध्य में हो रहे इस महायज्ञ में काव्यधारा के संगम से आयोजन की महत्ता व गरिमा और बढ़ेगी। सचिव डॉ. अविनाश दुबे के अनुसार, इस महायज्ञ में देशभर के 2000 विद्वान पंडित 27 करोड़ गायत्री मंत्रों के जाप के साथ आहुतियां दे रहे हैं, जहां विद्वान श्रोताओं के बीच कविता की नई पुनर्स्थापना होगी।

1,11,111 रुपए का ‘गीत रत्न‘ सम्मान: इस अवसर पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी प्रतिष्ठित ‘श्री सुरेन्द्र दुबे स्मृति गीत रत्न सम्मान‘ प्रदान किया जाएगा। इस सम्मान के तहत देश के किसी लब्ध प्रतिष्ठित कवि को 1,11,111 रुपए (एक लाख ग्यारह हजार एक सौ ग्यारह रुपए) नगद, प्रतीक चिन्ह व प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है। व्यक्तिगत संस्थान द्वारा दी जाने वाली यह देश की प्रतिष्ठित सम्मान राशि में से एक है। इस वर्ष सम्मानित होने वाले कवि के नाम की घोषणा शीघ्र ही की जाएगी।

इन दिग्गज कवियों को मिल चुका है सम्मान: अजमेर जिले के गुलगांव जैसे छोटे से गांव से निकलकर दुनिया भर में नाम रोशन करने वाले स्व. सुरेन्द्र दुबे की स्मृति में अब तक पद्मश्री सुरेन्द्र शर्मा (नई दिल्ली), फिल्मी गीतकार संतोष आनंद (नई दिल्ली), पद्मश्री अशोक चक्रधर (नई दिल्ली), डॉ. कीर्ति काले (नई दिल्ली), सत्यनारायण सत्तन (इंदौर), हरिओम पंवार (मेरठ) व डॉ. विष्णु सक्सेना (अलीगढ़) को सम्मानित किया जा चुका है। महोत्सव को भव्य रूप देने के लिए संस्थान द्वारा तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। आयोजन में देश के नामचीन कवि अपनी काव्य प्रस्तुतियों से श्रोताओं को सराबोर करेंगे। विदित रहे कि वर्तमान में चल रहे इस महायज्ञ में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित देश के कई बड़े नेता व धर्माचार्य शिरकत कर चुके हैं।

