केकड़ी, 28 जनवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): शहर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से प्लास्टिक के कट्टे में भरे 48 पव्वे देशी शराब बरामद किए हैं। थानाधिकारी कुसुमलता मीणा ने बताया कि बघेरा बाईपास रोड पर गश्त के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि आदिनाथ वाटिका के पास राजपुरा रोड पर एक संदिग्ध व्यक्ति अवैध शराब बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
लाइसेंस मांगने पर नहीं दे सका जवाब: पुलिस को बावर्दी देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास मौजूद प्लास्टिक के कट्टे से 48 पव्वे देशी सादा शराब बरामद हुई। जब पुलिस ने शराब रखने व बेचने के संबंध में लाइसेंस या परमिट मांगा, तो वह कोई संतोषप्रद जवाब नहीं दे सका। आरोपी की पहचान लाभचन्द मार्केट निवासी मोहित धोबी (21) पुत्र लालचन्द धोबी के रूप में हुई है।
आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज: पुलिस ने राजस्थान आबकारी अधिनियम की धारा 19/54 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मौके की पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से की गई। बरामद शराब में से नमूना सील कर जांच के लिए भेजा गया है। मामले की अग्रिम जांच एएसआई छोटूसिंह को सौंपी गई है। पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा के निकटतम सुपरविजन में की गई इस कार्रवाई में एसआई बनवारी लाल मीणा, कांस्टेबल पुखराज व विनोद ने अहम भूमिका निभाई है।

