Site icon Aditya News Network – Kekri News

अवैध बजरी खनन व परिवहन के खिलाफ पुलिस की चौतरफा कार्रवाई: डंपर व 5 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त, एक गिरफ्तार

केकड़ी: सरवाड़ पुलिस द्वारा जब्त अवैध बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां।

केकड़ी, 12 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अवैध खनन, निर्गमन व भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जिला पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा के सुपरविजन में दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अवैध बजरी से भरे कुल 6 वाहनों को जब्त किया है व एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

केकड़ी: सावर पुलिस द्वारा जब्त अवैध बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां।

खारी नदी क्षेत्र से तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त: पहली कार्रवाई में सावर थाना पुलिस टीम ने बालपुरा एनिकट के नीचे खारी नदी क्षेत्र में दबिश दी। यहां से अवैध बजरी भरकर परिवहन करते हुए तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को डिटेन किया गया। जब्त किए गए वाहनों में दो मेसी डिआई 241 व एक फार्मट्रेक ट्रैक्टर शामिल है। ये सभी वाहन बिना नम्बरी थे। इस कार्रवाई में सावर थानाधिकारी राधेश्याम जाट, हैड कांस्टेबल भंवरलाल, कांस्टेबल रमेश व रामेश्वर गिरी की मुख्य भूमिका रही।

केकड़ी: सरवाड़ पुलिस द्वारा जब्त डंपर।

डंपर व दो ट्रैक्टर जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार: दूसरी कार्रवाई के तहत सरवाड़ थाना पुलिस टीम ने ताजपुरा से अवैध बजरी से भरी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां व चमन चौराहा से एक डंपर जब्त किया है। मौके से आरोपी फोरू बैरवा पुत्र घीसालाल बैरवा निवासी बड़ला (टोंक) को गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई को थानाधिकारी रामपाल शर्मा, एएसआई रामधन, कांस्टेबल प्रहलाद, दातार सिंह, हरिराम व कमलेश की टीम ने अंजाम दिया।

जारी रहेगी सख्त कार्रवाई: पुलिस ने सभी जब्तशुदा वाहनों को सुरक्षार्थ थानों पर खड़ा करवाया है व इस संबंध में खनिज अभियंता खान एवं भू-विज्ञान विभाग को आवश्यक सूचना दी गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार अवैध खनन व परिवहन को पूरी तरह रोकने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार का सख्त अभियान निरंतर जारी रहेगा।

Exit mobile version