केकड़ी, 07 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भिनाय थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध अफीम के हरे पौधे बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी ओमप्रकाश मीणा ने बताया कि पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि ग्राम सरहद बडला खेड़ा लामगरा क्षेत्र में अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है। इस सूचना पर पुलिस टीम ने संबंधित खेत पर दबिश दी। तलाशी के दौरान मुख्य फसल की आड़ में उगाए गए 156.300 किलोग्राम अफीम के हरे पौधे पाए गए। पुलिस ने मौके से आरोपी देवलियाकलां निवासी श्योजी गोस्वामी पुत्र सुगन पुरी को हिरासत में लेकर पौधों को जब्त कर लिया।

विधिक कार्रवाई व अनुसंधान: पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच सरवाड़ थानाधिकारी के जिम्मे की गई है। पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा के निकटतम सुपरविजन में की गई इस कार्रवाई में थानाधिकारी ओमप्रकाश मीना, एएसआई गिरधारी सिंह, हैड कांस्टेबल बनवारी लाल (सराहनीय भूमिका), कांस्टेबल मनमोहन, सुनील (सराहनीय भूमिका), भागचन्द, महेश, कृष्ण सिंह व नरेंद्र ने अहम भूमिका निभाई है।


