Site icon Aditya News Network – Kekri News

अवैध खनन व परिवहन के खिलाफ एक्शन मोड में पुलिस, चिनाई पत्थर से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त

केकड़ी: सराना थाना पुलिस द्वारा जब्त की गई पत्थर से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली।

केकड़ी, 09 जनवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अवैध खनन, परिवहन व भंडारण के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सराना थाना पुलिस ने अवैध पत्थर से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को डिटेन कर जब्त किया है। थानाधिकारी ममता शर्मा ने बताया कि गश्त के दौरान पुलिस टीम ने टांटोटी से भिनाय रोड पर संदिग्ध अवस्था में आ रहे एक ट्रैक्टर को रुकवाया। जांच करने पर ट्रैक्टर के पीछे लगी बिना नम्बरी ट्रॉली में अवैध पत्थर भरा पाया गया। चालक के पास पत्थर के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले, जिस पर पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली मय पत्थर को डिटेन कर सुरक्षा के लिहाज से थाने पर खड़ा करवा दिया।

खनिज विभाग को दी सूचना: पुलिस ने इस कार्रवाई की जानकारी खनिज अभियंता, खान एवं भू-विज्ञान विभाग सावर (केकड़ी) को दे दी है, ताकि अग्रिम नियमानुसार कार्रवाई की जा सके। पुलिस के अनुसार भविष्य में भी अवैध खनन व परिवहन के विरुद्ध इस प्रकार की प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस महानिरीक्षक राजेन्द्र सिंह व पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा के निकटतम सुपरविजन में की गई इस कार्रवाई में थानाधिकारी ममता शर्मा के साथ हैड कांस्टेबल बलवंत सिंह, महिला कांस्टेबल सुनीता कुमारी व चालक कांस्टेबल सरदार टांक की मुख्य भूमिका रही।

Exit mobile version