केकड़ी, 22 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): नशे के कारोबार व अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल 22 किलो से अधिक अवैध डोडा पोस्त जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की हैं। पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा के निकटतम सुपरविजन में सरवाड़ व सराना पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।

पहली कार्रवाई; सरवाड़ पुलिस ने पकड़ा 21 किलो से अधिक डोडा पोस्त: सरवाड़ थाना प्रभारी रामपाल शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने रघुनाथपुरा रोड पर नाकेबंदी के दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से 21 किलो 470 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने भगवानपुरा निवासी हरिराम जाट (56) पुत्र कामड जाट को गिरफ्तार कर मादक पदार्थ व वाहन जब्त कर लिया है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी के अलावा कांस्टेबल शुभकरण, राजकिरण सिंह, हरिराम, कमलेश व चालक सत्यवीर ने अहम भूमिका निभाई है।

दूसरी कार्रवाई; सराना पुलिस ने बुलेट सवार तस्कर को दबोचा: इसी प्रकार सराना थानाधिकारी ममता शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए बुलेट मोटरसाइकिल पर अवैध मादक पदार्थ ले जा रहे अभियुक्त धनराज जाट (42) को गिरफ्तार किया। अभियुक्त अपने वाहन के पायदान पर सफेद थैलियों में 1 किलो 400 ग्राम अवैध डोडा पोस्त छिपाकर ले जा रहा था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए डोडा पोस्त व बुलेट को जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी के साथ हेड कांस्टेबल कालूराम, कांस्टेबल रामनिवास व दिलीप कुमार की मुख्य भूमिका रही।

