केकड़ी, 11 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अवैध बजरी खनन, परिवहन व भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस व खनन विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध बजरी से भरी दो ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं 230 टन बजरी का अवैध स्टॉक जब्त किया है। सदर थानाधिकारी जगदीश चौधरी ने बताया कि उच्चाधिकारियों के सुपरविजन में गठित टीम ने नाईखेड़ा व कोहडा के समीप घेराबंदी कर अवैध बजरी का परिवहन कर रहे दो बिना नंबरी सोनालिका ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को डिटेन किया।
कानूनी कार्रवाई व अनुसंधान: इसके पश्चात खनिज विभाग को सूचना देकर संयुक्त कार्रवाई अमल में लाई गई। इस दौरान टीम ने ग्राम कंवरपुरा में 30 टन एवं देवपुरा में 200 टन अवैध बजरी का स्टॉक जब्त करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में धारा 303 (2) बीएनएस व 4/21 एमएमआरडी एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है। बजरी स्टॉक करने वाले व्यक्तियों व वाहनों के मालिकों के संबंध में गहनता से अनुसंधान जारी है।
जारी रहेगा अभियान: पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी अवैध खनन, परिवहन व भंडारण पर इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा के निकटतम सुपरविजन में की गई इस कार्रवाई में थानाधिकारी जगदीश प्रसाद, एएसआई शिवराज, हैड कांस्टेबल बंशीलाल, कांस्टेबल हितेष, रामजीलाल, जीतराम व अविनाश ने अहम भूमिका निभाई है।

