Thursday, June 19, 2025
Homeशासन प्रशासनथानेदार के बिगड़े बोल...! एसपी ने किया लाइन हाजिर

थानेदार के बिगड़े बोल…! एसपी ने किया लाइन हाजिर

केकड़ी, 17 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी जिला पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार बंसल ने टोडारायसिंह थाना प्रभारी सीआई राजेन्द्र सिंह कमाण्डो को लाइन हाजिर करने के आदेश दिए है। बताया जाता है कि थानाधिकारी ने थाने में फरियाद लेकर आई महिला के साथ अभद्रता की तथा प्रदेश के कैबिनेट मंत्री के लिए अपशब्दों का प्रयोग किया। कहा जा रहा है कि सीआई राजेन्द्र सिंह कमाण्डो द्वारा कथित रूप से कही गई बातों को वहां मौजूद एक युवक ने रिकॉर्ड कर लिया। जो कुछ देर बाद वायरल हो गया। वायरल वीडियो में हिलते डुलते दृश्यों के साथ महिला, उसके पति एवं सीआई के बीच हो रही बातचीत की आवाज आ रही है।

अमर्यादित भाषा का किया प्रयोग हालांकि आदित्य न्यूज नेटवर्क कथित रूप से वायरल हो रहे वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। लेकिन सूत्रों की माने तो वायरल वीडियो में थानेदार द्वारा कथित रूप से महिला से अभद्र भाषा में बात की जा रही है तथा कैबिनेट मंत्री के लिए अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया जा रहा है। बताया जाता है कि इस घटनाक्रम के बाद आक्रोशित ग्रामीण टोडारायसिंह में धरना प्रदर्शन भी कर चुके है। मामले की गंभीरता को देखते हुए केकड़ी पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार बंसल ने एक आदेश जारी कर राजेन्द्र सिंह कमाण्डो को लाइन हाजिर कर दिया। इस दौरान उनका मुख्यालय पुलिस अधीक्षक कार्यालय केकड़ी रहेगा।

सीआई राजेन्द्र सिंह कमाण्डो (फाइल फोटो)

इनका कहना है इस संबंध में सीआई राजेन्द्र सिंह कमाण्डो का कहना रहा कि उक्त महिला का दूसरे पक्ष से जमीन का विवाद चल रहा है। उपरोक्त महिला थाने में कार्यरत हैड कांस्टेबल के साथ गाली गलौज कर रही थी। जिसके कारण थाना परिसर में हो हल्ला हो रहा था। शोर शराबे से रोकने पर महिला द्वारा अनर्गल आरोप लगाए जा रहे है। इस बारे में जिला पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार बंसल का कहना रहा कि शिकायत पर टोडारायसिंह थानाधिकारी को लाइन हाजिर किया गया है। प्रकरण की जांच पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा के जिम्मे की गई है। फिलहाल जांच जारी है।

RELATED ARTICLES