केकड़ी, 01 मार्च (आदित्य न्यूज नेटवर्क): होली व रंगपंचमी के त्योहारों के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने की तैयारी शुरू कर दी है। रविवार को शहर थाना पुलिस में आयोजित सीएलजी की बैठक में शांति व आपसी सौहार्द बनाए रखने पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए थानाधिकारी अनिल शर्मा ने कहा कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आमजन व पुलिस को मिलजुल कर प्रयास करने होंगे। थानाधिकारी ने स्पष्ट किया कि त्योहार के उत्साह के बीच किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि कोई संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति नजर आए, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। बैठक में चेतावनी दी गई कि शांति भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
इन विषयों पर हुई चर्चा: बैठक के दौरान त्योहार के दिनों में शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस की विशेष तैनाती पर विचार-विमर्श किया गया। इसके अतिरिक्त रंगपंचमी के दिन समय पर जल सप्लाई सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई। शर्मा ने बताया कि इस दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों व संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की विशेष नजर रहेगी। बैठक में सीएलजी सदस्यों ने भी व्यवस्था सुधार के लिए अपने सुझाव साझा किए। इस मौके पर यशवंत बेली, मोहम्मद सईद नकवी, गोपी चौधरी, राजेन्द्र चौधरी, मनोज कुमावत, पूनमकंवर, इंसाफ अली शोरगर, विनोद विजय, विष्णु साहू समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।

