केकड़ी, 06 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 की पूर्व तैयारियों को लेकर प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं उपखण्ड अधिकारी दीपांशु सांगवान की अध्यक्षता में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सांगवान ने बताया कि ग्राम पंचायतों की निर्वाचक नामावलियों का प्रारूप प्रकाशन 29 जनवरी को किया जा चुका है। वर्तमान में मतदाता सूचियों का गहन पुनरीक्षण 1 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि के संदर्भ में किया जा रहा है। इसका अर्थ है कि ऐसे सभी नागरिक जो 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं, वे मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करवाने के लिए आवेदन करने के पात्र हैं।

7 फरवरी तक दर्ज कराएं दावे व आपत्तियां: एसडीएम सांगवान ने बताया कि मतदाता सूचियों में नाम जुड़वाने, हटवाने या संशोधन के लिए दावे व आपत्तियां प्राप्त करने की अंतिम तिथि 07 फरवरी (शनिवार) निश्चित की गई है। पात्र व्यक्ति संबंधित प्रगणक, पदाभिहीत अधिकारी या निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में निर्धारित प्रारूप 01, 02 व 03 में अपने आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। इन सूचियों का अंतिम प्रकाशन 25 फरवरी (बुधवार) को किया जाएगा। इस मौके पर कादेड़ानायब तहसीलदार अर्पिता चौधरी, भाजपा बावन माता मण्डल अध्यक्ष राजवीर हावा, शहर मण्डल अध्यक्ष रितेश जैन, देहात उपाध्यक्ष मनोज कुमावत, आरएलपी से लक्ष्मण वैष्णव सहित सत्यनारायण जाट, अंकुश कुमार जैन, खुशपाल गुर्जर व राजेन्द्र पाराशर सहित जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।


