Tuesday, March 17, 2026
Homeसमाजसामूहिक विवाह सम्मेलन की तैयारियां तेज: कमेटियों का गठन कर कार्यकर्ताओं को...

सामूहिक विवाह सम्मेलन की तैयारियां तेज: कमेटियों का गठन कर कार्यकर्ताओं को सौंपी जिम्मेदारी, शराब पीकर आने वालों पर लगेगा जुर्माना

केकड़ी, 26 जनवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): रेगर समाज के तत्वावधान में आगामी 1 फरवरी को आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह सम्मेलन की तैयारियों को लेकर भैरू गेट स्थित आयोजन स्थल पर समाजसेवी गोपाल लाल वर्मा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में सम्मेलन को भव्य व सुव्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न कमेटियों का गठन कर उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई। आयोजन समिति द्वारा सम्मेलन की सफलता सुनिश्चित करने के लिए भोजन, पेयजल, माइक व टेंट, स्टेज, तोरण व फेरों की व्यवस्था सहित अन्य कार्यों के लिए अलग-अलग कमेटियां बनाई गई हैं। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि सभी तैयारियां युद्ध स्तर पर जारी हैं। बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय भी लिया गया कि सामूहिक भोजन, तोरण, फेरे, बिंदोली व स्टेज कार्यक्रम जैसे सभी मांगलिक कार्य एक ही परिसर में संपन्न होंगे।

15 जोड़े बंधेंगे परिणय सूत्र में: विवाह सम्मेलन के लिए अब तक 15 जोड़ों का पंजीकरण हो चुका है, जिन्हें समय पर पहुंचने के लिए सूचित कर दिया गया है। कार्यक्रम के दौरान दूल्हा-दुल्हन की बिंदोली निकाली जाएगी, जिसमें समाज की महिलाएं मंगल कलश यात्रा के साथ शामिल होंगी। समाज ने सम्मेलन में अनुशासन बनाए रखने के लिए कड़ा रुख अपनाया है। कार्यक्रम में शराब पीकर आने वालों पर आर्थिक जुर्माना लगाने का निर्णय लिया गया है। साथ ही स्थानीय समाज बंधुओं ने सम्मेलन की सफलता के लिए स्वेच्छा से दो दिन के कार्य अवकाश (छुट्टी) पर रहने व शराब का सेवन न करने का संकल्प लिया।

युवाओं से संगठित होने का आह्वान: अध्यक्षता कर रहे समाजसेवी गोपाल लाल वर्मा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी बड़े आयोजन की सफलता युवाओं की सक्रियता व संगठन पर निर्भर करती है। उन्होंने सभी से जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया। इस अवसर पर समाज अध्यक्ष पारस मल कांसोटिया, सम्मेलन अध्यक्ष दुर्गालाल कांसोटिया, मीडिया प्रभारी महावीर कांसोटिया, प्रवीण कांसोटिया, मोहनलाल रेगर, लोकेश कांसोटिया, गोकुल रेगर, कैलाश उच्चैनिया, चेतन जगरवाल, रतन कांसोटिया, धनरूप गढ़वाल, गजानन कांसोटिया, चेतन कोटवाल, रणजीत आरेटिया, जगदीश हिनोनिया सहित कई लोग मौजूद थे।

RELATED ARTICLES