केकड़ी, 19 जनवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अब रामलला के आने में कुछ ही दिन बचे है। आगामी 22 जवनरी को अयोध्या नगरी में बन रहे भव्य राम मंदिर में प्रभु राम विराजमान हो जाएंगे। प्राण प्रतिष्ठा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। अयोध्या को लगातार सजाया संवारा जा रहा है। राममंदिर की प्रतिष्ठा को लेकर केकड़ी के लोगों में भी उत्साह है। यहां गली गली में रामलला के स्वागत की तैयारियां की जा रही है। नगर परिषद के सहयोग से शहर के प्रमुख बाजारों में आकर्षक सजावट की जा रही है। शहर के प्रमुख मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठान शुरु हो चुके है।
नगर परिषद ने कसी कमर आयोजन की तैयारियों के लिए नगर परिषद प्रशासन ने कमर कस ली है। सभापति कमलेश साहू एवं आयुक्त बसंत कुमार सैनी ने बताया कि महोत्सव के तहत शहर के सभी मंदिरों एवं आसपास के इलाके की सफाई की जा रही है। साथ ही लगभग 50 मंदिरों एवं सभी प्रमुख बाजारों में फर्रियों व विद्युत चलित रोशनी से सजावट की गई है। प्रतिष्ठा महोत्सव का 5 स्थानों पर एलईडी के माध्यम से लाइव प्रसारण किया जाएगा। यहां सजावट, सफाई, माइक, होर्डिंग, टेन्ट व लाइट की सम्पूर्ण व्यवस्था नगर परिषद की ओर से की जा रही है।
बढ़ते कदम गौशाला संस्थान के तत्वावधान में अजमेर रोड स्थित बिजासन माता मंदिर के पास पवनसुत हनुमान बालाजी मन्दिर में 121 घंटे की अखंड रामधुनी हरीकीर्तन का महाआयोजन पुजारी पुरूषोत्तम शर्मा के आचार्यत्व में किया जा रहा है। गौशाला संस्थान के व्यवस्थापक आनंद सोमाणी ने बताया कि 5 दिवसीय अखण्ड रामधुनी का आयोजन 22 जनवरी को सुबह 11 बजे तक चलेगा। दोपहर 1.15 बजे महाआरती की जाएगी। इसके बाद भोग लगाकर प्रसाद वितरण किया जाएगा। रात्रि में 7.15 बजे से संगीतमय सुन्दरकाण्ड का आयोजन होगा। संस्थान अध्यक्ष अशोक पारीक ने धर्मप्रेमी बंधुओं, माताओं व बहनों से कार्यक्रम में भाग लेने का आग्रह किया है।
श्रीरामलला मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत नगर के प्राचीन चारभुजा मंदिर में 22 जनवरी को छप्पन भोग एवं पदम भोग की झांकी सजाई जाएगी। अपरान्ह 12.30 बजे महाआरती होगी। आरती के बाद दोपहर दो बजे प्रसाद वितरित किया जाएगा। इसी प्रकार जीनगर समाज की ओर से प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के दिन विविध आयोजन होंगे। समाज अध्यक्ष रतन पंवार एवं मंत्री घीसूलाल खाटवा ने बताया कि इस अवसर पर सदर बाजार स्थित समाज के पंचायती भवन को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। 22 जनवरी को श्रीराम दरबार की आकर्षक झांकी सजाई जाएगी। शाम 5.15 बजे 101 दीपक प्रज्जवलित किए जाएंगे तथा 11 बार हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा। आरती के बाद प्रसाद वितरित किया जाएगा।