केकड़ी, 26 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): श्री मिश्रीलाल दुबे शिक्षण संस्थान के अंतर्गत संचालित एमएलडी महिला शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में ‘फागोत्सव 2026‘ बड़े धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आगाज बीएससी बीएड तृतीय वर्ष की छात्राओं द्वारा आगंतुकों का तिलक लगाकर स्वागत करने व अतिथियों द्वारा मां शारदे के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्र के प्रमुख उद्यमी शिवरतन मूंदड़ा रहे, जिनका स्वागत संस्था सचिव चंद्र प्रकाश दुबे ने माल्यार्पण कर किया। इस दौरान विशिष्ट अतिथियों का स्वागत सब्जी की माला, साफा, मुकुट, विचित्र चश्मे व भोपू भेंट कर अनूठे अंदाज में किया गया। अतिथियों को ‘राजा‘ व ‘महाराजाधिराज‘ जैसी उपाधियों से नवाजा गया, जिसने माहौल को उल्लासपूर्ण बना दिया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन: म्यूजिक टीचर मुरली बारेठ, लक्ष्मी व उनके ग्रुप द्वारा गणेश वंदना व भैरव वंदना की प्रस्तुति के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। महाविद्यालय की छात्राओं ने राधा-कृष्ण के भजनों व होली के गीतों पर मनमोहक प्रस्तुतियां दी। सुनीता, खुशी वैष्णव व अंशु ग्रुप ने ‘रास रचे कान्हा‘ व पैरोडी पर रास व लोक नृत्य किया। सुमन चौधरी ने ‘उड उड रे मारा काला रे कागला‘ व नीतू कंवर ने राजस्थानी गानों पर शानदार प्रस्तुति दी। मुस्कान, ममता लोहार, सावित्री, रीना, अक्षिता व कौशल माली सहित अन्य छात्राओं ने ‘रंग दे‘, ‘वो कृष्णा है‘ व ‘बोलो तारारारा‘ जैसे गीतों पर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। अक्षित जैन की ‘घोड़ी मारी चिरमी‘ व लीला-कृष्ण की पैरोडी आकर्षण का केंद्र रही।

ये रहे मौजूद: समारोह में संस्थान के निदेशक डॉ. अविनाश दुबे, उपनिदेशक अनिरुद्ध दुबे, प्रतिभा दुबे, आकांक्षा दुबे, उद्यमी सरिता मूंदड़ा, नर्सिंग कॉलेज के प्राचार्य सुनील साहू व गणमान्य नागरिक आशीष मूंदड़ा, ब्रजराज शर्मा, सुभाष भाल आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में व्याख्याता ब्रह्मानंद शर्मा, भागचंद विजय, दीपक भारती, महावीर वर्मा सहित समस्त स्टाफ का विशेष सहयोग रहा। प्राचार्य डॉ. रामलाल वर्मा ने आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन सत्यनारायण सोनी, मुस्कान, अनीता, भावना व कीर्ति ने किया।


