Site icon Aditya News Network – Kekri News

रामायण ज्ञान परीक्षा: एमएलडी की लता शर्मा जिले में प्रथम, राधिका व आराध्या ने भी लहराया परचम

केकड़ी: रामायण ज्ञान परीक्षा में जिला स्तर पर प्रथम रही छात्रा लता शर्मा।

केकड़ी, 27 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): विश्व हिंदू परिषद चित्तौड़ प्रांत के तत्वावधान में आयोजित रामायण ज्ञान परीक्षा में श्री मिश्रीलाल दुबे उच्च माध्यमिक अकादमी के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। प्रधानाचार्य नरेंद्र कुमार पारीक ने बताया कि इस परीक्षा का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों व भगवान श्री राम के आदर्शों से जोड़ना है। गोस्वामी तुलसीदास जी द्वारा रचित रामचरितमानस के माध्यम से छात्रों में राष्ट्रीय गौरव का संचार करने के लिए इसे तीन वर्गों (बाल, कनिष्ठ व वरिष्ठ) में आयोजित किया गया था।

100 में से प्राप्त किए 97 अंक: अकादमी की कक्षा 12वीं की छात्रा लता शर्मा पुत्री भागचंद शर्मा ने वरिष्ठ वर्ग में 100 में से 97 अंक प्राप्त कर जिला स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि पर उन्हें 1100 रुपए का नकद पुरस्कार व प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। इसी प्रकार कनिष्ठ वर्ग में राधिका चौधरी ने जिला स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त किया। विद्यालय स्तर पर वरिष्ठ वर्ग में आरती शर्मा द्वितीय व संजय सैन तृतीय स्थान पर रहे।

केकड़ी: रामायण ज्ञान परीक्षा में विद्यालय स्तर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी।

राम के आदर्शों से प्रेरणा लेकर अच्छे नागरिक बने विद्यार्थी: बाल वर्ग (कक्षा 6-8) में एम.एल.डी. इंटरनेशनल एकेडमी की छात्रा आराध्या दाधीच ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि पलक नामा व ट्विंकल साहू ने तृतीय स्थान हासिल किया। एम.एल.डी. संस्थान के सचिव चंद्र प्रकाश दुबे, निदेशक डॉ. अविनाश दुबे, अनिरुद्ध दुबे व प्रधानाचार्यों ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसी परीक्षाओं से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास होता है व वे राम के आदर्शों से प्रेरणा लेकर अच्छे नागरिक बन सकते हैं।

Exit mobile version