Wednesday, March 12, 2025
Homeधर्म एवं संस्कृतिरामस्नेही सम्प्रदाय के पीठाधीश्वर रामदयाल महाराज की केकड़ी में भव्य अगवानी, शोभायात्रा...

रामस्नेही सम्प्रदाय के पीठाधीश्वर रामदयाल महाराज की केकड़ी में भव्य अगवानी, शोभायात्रा में उमड़ा महिला पुरूषों का सैलाब

केकड़ी, 26 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): स्वामी श्री रामचरण महाराज के 304वें जन्मोत्सव पर आयोजित पांच दिवसीय महोत्सव में भाग लेने के लिए सोमवार को अन्तरराष्ट्रीय रामस्नेही सम्प्रदाय के पीठाधीश्वर रामदयाल महाराज सोमवार को केकड़ी पहुंचे। इस अवसर पर तीनबत्ती चौराहा स्थित ​तेलियान मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में सबसे आगे अश्वारोहियों ने ध्वज पताका थाम रखी थी। लगभग 501 महिलाएं अपने सिर पर कलश धारण कर चल रही थी। इस दौरान महिला पुरूषों ने बैंड बाजों की धुन पर नृत्य किया। 11 गांवों से आई रामधुनी मण्डल ने हरि कीर्तन कर माहौल को धर्ममय कर दिया।

पुष्पवर्षा से किया स्वागत शहरवासियों ने पुष्पवर्षा से शोभायात्रा का स्वागत किया। शोभायात्रा अजमेरी गेट, घण्टाघर, सदर बाजार, गणेश प्याऊ, खिड़की गेट, लोढ़ा चौक, चारभुजा मंदिर, माणक चौक, सूरजपोल गेट होते हुए पुरानी केकड़ी स्थित रामद्वारा पहुंची। यहां संत कीमतराम महाराज, जगवल्लभ राम महाराज व अन्य रामस्नेही संतों ने आचार्यश्री का स्वागत किया। इसके बाद आचार्य रामदयाल महाराज ने नवनिर्मित रामस्नेही वाटिका का फीता खोलकर विधिवत रूप से उद्घाटन किया।

केकड़ी: सत्संग सभा में उपस्थित महिला श्रद्धालु।

महाराज की वाणी से निकला एक एक शब्द रामबाण धर्मसभा को संबोधित करते हुए आचार्य रामदयाल महाराज ने कहा कि श्री रामचरण महाराज ने व्यक्ति, राष्ट्र व समाज को जागरूक किया। उनकी वाणी का एक-एक शब्द राम बाण की तरह अचूक निशाने पर लगता था। जिस तरह भगवान राम के हाथ में रखे हुए धनुष से तीर निशाने पर पहुंचता था और बड़े-बड़े अत्याचारी व दुराचारी दैत्य धराशायी हो जाते थे। ठीक उसी प्रकार महाराज की वाणी से निकला एक-एक शब्द काम, क्रोध, मोह, मद व लोभ का नाश करने का सामर्थ रखते थे।

ये रहे मौजूद इस मौके पर आनन्दीराम सोमाणी, रामगोपाल सैनी, जगदीश फतेहपुरिया, निरंजन तोषनीवाल, सोभाग माली, गंगाराम माली, मोनू माली, रामावतार माली, हरिशंकर विजय, आशाराम मूनिया, भगवान शाक्य, हरि सोमाणी, तुलसीराम विजय, अतुल दाधीच, विनोद विजय समेत अनेक श्रद्धालु महिला पुरूष मौजूद रहे। रामद्वारा समिति के आनंदीराम सोमाणी ने बताया कि आचार्यश्री के केकड़ी प्रवास के दौरान प्रतिदिन सुबह 8 बजे से 9 बजे तक वाणी जी का पाठ तथा सुबह 9 बजे से 10 बजे एवं रात्रि 7.30 बजे से 9.30 बजे तक प्रवचन का आयोजन होगा।

RELATED ARTICLES