केकड़ी, 26 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) चित्तौड़ प्रांत के तत्वावधान में केकड़ी खंड में एक व्यापक ‘गृह संपर्क अभियान’ का भव्य शुभारंभ 26 अक्टूबर को किया गया। शताब्दी वर्ष के क्रम में चल रहे इस दूसरे महत्वपूर्ण अभियान का उद्देश्य आमजन से सीधे संपर्क स्थापित कर ‘पंच परिवर्तन’ के विषयों पर जागरूकता फैलाना है। अभियान की शुरुआत पुरानी केकड़ी स्थित बड़ गणेश जी को प्रथम निमंत्रण देकर की गई, जिसके बाद श्री चारभुजा नाथ जी को भी निमंत्रण देकर आशीर्वाद लिया गया।

21 दिवसीय जनसंपर्क: केकड़ी खंड संघ चालक सुभाष भाल ने बताया कि सामाजिक व राष्ट्रीय चेतना के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला यह अभियान 26 अक्टूबर से 16 नवंबर तक पूरे 21 दिनों तक चलेगा। इस दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता टोलियां बनाकर केकड़ी खंड के सभी 72 गांवों के प्रत्येक घर तक पहुंचेंगे। अभियान के दौरान स्वयंसेवक घर-घर जाकर परिवार के सदस्यों से संक्षिप्त चर्चा करेंगे।

इन विषयों पर करेंगे वार्ता: वार्ता का मुख्य केंद्र ‘पंच परिवर्तन’ से जुड़े विषय रहेंगे। जिसमे सामाजिक समरसता, स्वबोध (जिसमें स्वदेशी उत्पादों का प्रयोग व भारतीय ज्ञान परंपरा तथा गौरवशाली इतिहास पर गर्व करना शामिल है), पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन, नागरिक कर्तव्य एवं नि:शुल्क वितरण सामग्री शामिल है। प्रत्येक परिवार को संपर्क के दौरान एक पत्रक, भारत माता का चित्र व महाराणा प्रताप का स्टिकर नि:शुल्क वितरित किया जाएगा।

