केकड़ी, 24 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय केकड़ी में गुरुवार को थल सेना स्कंध के एनसीसी कैडेट्स की भर्ती प्रक्रिया आयोजित की गई। इस भर्ती में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रधानाचार्य ऋतु पाराशर ने बताया कि 11 राजस्थान बटालियन एनसीसी अजमेर के कर्नल अजय दाधीच के निर्देशन में यह चयन प्रक्रिया आयोजित की गई। अजमेर से आए सी.एम.एच. लालाराम चौधरी और स्थानीय विद्यालय के एनसीसी ऑफिसर हरिराम दरोगा ने नए कैडेट्स का चयन किया। इस दौरान कैडेट्स की शारीरिक व मानसिक परीक्षा ली गई। जिसके आधार पर योग्य छात्र-छात्राओं का चुनाव हुआ।

मिलेगा दो वर्ष का प्रशिक्षण: विद्यालय के मीडिया प्रभारी पारस जैन ने बताया कि कक्षा 8 और 9 के लगभग 100 छात्र-छात्राओं में से 60 कैडेट्स का चयन किया गया है। इन चयनित कैडेट्स को दो वर्ष का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उन्हें एनसीसी ‘ए’ प्रमाण पत्र मिलेगा, जिससे उन्हें राज्य सेवाओं और अर्धसैनिक बलों की भर्ती में बोनस अंक प्राप्त होंगे। यह एनसीसी कैडेट्स के लिए भविष्य में करियर के नए द्वार खोलेगा।
