Monday, February 2, 2026
Homeसमाजरेगर समाज: 15 जोड़ों के सामूहिक विवाह के लिए एक फरवरी को...

रेगर समाज: 15 जोड़ों के सामूहिक विवाह के लिए एक फरवरी को सजेगा मंडप, कमेटियों का गठन कर पदाधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां

केकड़ी, 30 जनवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): रेगर समाज द्वारा आगामी 1 फरवरी को आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह सम्मेलन की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को भेरू गेट स्थित आयोजन स्थल पर बैठक आयोजित की गई। बैठक में भोजन, पेयजल, माइक, टेंट, स्टेज, तोरण व फेरों की व्यवस्था के लिए विभिन्न कमेटियों का गठन कर पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस सम्मेलन में कुल 15 जोड़े सामूहिक विवाह बंधन में बंधेंगे। 1 फरवरी को बाबा रामदेव मंदिर से एक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें घोड़ी व बग्घियों में समाज के भामाशाह विराजित होंगे। संत रविदास की प्रतिमा को सुसज्जित वाहन में स्थापित किया जाएगा। इसके साथ ही दूल्हा-दुल्हन की बिंदोली व समाज की महिलाओं द्वारा कलश यात्रा निकाली जाएगी, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए आयोजन स्थल तक पहुंचेगी।

शराब व लेन-देन पर पाबंदी: सम्मेलन को मर्यादित व सुव्यवस्थित बनाने के लिए समिति ने कड़े फैसले लिए हैं। कार्यक्रम के दौरान शराब पीकर आने वालों पर आर्थिक जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही दूल्हा-दुल्हन के परिजनों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे आपस में किसी भी प्रकार का व्यक्तिगत लेन-देन नहीं करेंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ समिति द्वारा उचित कार्रवाई की जाएगी। इस सामूहिक विवाह महोत्सव में लगभग दस हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है। समिति द्वारा दहेज व अन्य आवश्यक सामानों की खरीदारी पूर्ण कर ली गई है।

अंतिम चरण में पहुंची तैयारियां: वरिष्ठ पदाधिकारी व पूर्व नर्सिंग अधीक्षक गोपाल लाल वर्मा ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर हैं। आयोजन स्थल पर विशाल टेंट व विद्युत लाइटों से आकर्षक स्वागत द्वार बनाए गए हैं। बैठक के दौरान मीडिया प्रभारी महावीर कांसोटिया, मोहनलाल रेगर, महेंद्र गढ़वाल, गोकुल राम रेगर, रतनलाल रेगर, धनरूप गढ़वाल, हरिराम कांसोटिया, प्रहलाद मिस्त्री, चेतन कोटवाल, विनोद कांसोटिया, नरेंद्र कांसोटिया, रामेश्वर आरेटिया, कालूराम कासोटिया व राजेश वर्मा सहित समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES