केकड़ी, 02 जनवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): पंच तीर्थ प्रणेता आचार्य प्रज्ञा सागर महाराज ने कहा कि संसार में अधिकांश लोग दिखावटी प्रेम करते हैं, लेकिन वास्तविक भक्ति व संबंध वही है जिसमें त्याग व समर्पण हो। जिस तरह धृतराष्ट्र ने भीम को कपटवश गले लगाकर मारना चाहा था, लेकिन भगवान श्रीकृष्ण ने इसे भांप लिया तथा भीम को सावचेत कर दिया। सचेत होने से भीम बच गया और उसका पुतला चकनाचूर हो गया। वे यहां सापण्दा रोड स्थित नेमिनाथ मंदिर में शीतकालीन प्रवास के दौरान प्रवचन कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हमें दिखावा व स्वार्थ छोड़कर निष्काम कर्म पर ध्यान देना चाहिए। चाहे मृत्यु का अवसर हो या बेटी की विदाई, दिल से रोने वाले बहुत कम होते हैं, बाकी सब दिखावा है। उन्होंने भक्तों को प्रेरित किया कि भक्ति चाहे गुरु की हो या भगवान की, उसमें फल की इच्छा के बजाय समर्पण होना चाहिए।

आस्था परिवार का गठन: धर्मसभा से पहले आचार्य पुष्पदंत सागर महाराज के चित्र अनावरण, दीप प्रज्ज्वलन व आचार्य प्रज्ञा सागर महाराज के पाद प्रक्षालन का सौभाग्य पारस मल, महावीर प्रसाद, लाभ चंद, जिनेन्द्र कुमार जैन बघेरा वालों को प्राप्त हुआ। प्रातःकाल में आचार्यश्री के सानिध्य में नित्यनियम पूजा, जिनाभिषेक व शांतिधारा के अनुष्ठान संपन्न हुए। आचार्यश्री के सानिध्य में 50 सदस्यों के गुरु आस्था परिवार का गठन किया गया, जिन्हें स्मृति स्वरूप गुरुदेव के चरण चिह्न भेंट किए गए। मीडिया प्रभारी पारस जैन ने बताया कि शुक्रवार शाम को एक विशेष समारोह में समाज के 65 वर्ष से अधिक आयु के वृद्धजनों का सम्मान किया जाएगा।

पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संगम: शनिवार 3 जनवरी को केकड़ी में भक्ति के साथ पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। विधायक शत्रुघ्न गौतम के नेतृत्व में दोपहर 1 बजे सापण्दा रोड स्थित नेमीनाथ मंदिर से बघेरा रोड स्थित चौसला कॉलोनी तक एक विशाल हरित पर्यावरण मैराथन आयोजित की जाएगी। मैराथन में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को टी-शर्ट व कैप दी जाएगी। उल्लेखनीय है कि आचार्यश्री ने अपने जीवन में 1 करोड़ पेड़ लगाने का नियम लिया हुआ है। इसी क्रम में चौसला कॉलोनी पहुंचकर वृहद पौधरोपण किया जाएगा। पौधरोपण के बाद आचार्यश्री टोडारायसिंह की ओर मंगल विहार करेंगे।

