Thursday, June 5, 2025
Homeदेशसुरेन्द्र दुबे स्मृति सम्मान से नवाजे जाएंगे सुप्रसिद्ध कवि डॉ. हरिओम पंवार,...

सुरेन्द्र दुबे स्मृति सम्मान से नवाजे जाएंगे सुप्रसिद्ध कवि डॉ. हरिओम पंवार, पुरस्कार के रूप में दिए जाएंगे एक लाख 11 हजार 111 रुपए

केकड़ी, 03 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): जिले के विश्वविख्यात हास्य कवि एवं संवेदनशील गीतकार स्वर्गीय सुरेन्द्र दुबे की स्मृति में सुरेन्द्र दुबे स्मृति संस्थान द्वारा 18 जून को केकड़ी में भव्य सम्मान समारोह एवं अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। समिति के संस्थापक चन्द्रप्रकाश दुबे ने बताया कि स्वर्गीय दुबे की स्मृति को सतत बनाए रखने के लिए आयोजन के दौरान देश के सुप्रसिद्ध कवि हरिओम पंवार मेरठ को सुरेन्द्र दुबे स्मृति पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में देशभर के नामचीन कवि भी काव्य पाठ करेंगे। आयोजन को भव्य स्वरूप देने के लिए तैयारियों का दौर शुरू हो चुका है।

केकड़ी: पूर्व में सम्मानित कवि सुरेन्द्र शर्मा, संतोष आनन्द, अशोक चक्रधर, डॉ. कीर्ति काले व सत्यनारायण सत्तन। (फाइल फोटो)

पांच कवि पहले हो चुके है सम्मानित: अजमेर जिले के गुलगांव जैसे छोटे से गांव में पैदा हो कर पूरी दुनियां में अपनी कलम का जादू बिखेरने वाले सुप्रसिद्ध कवि सुरेन्द्र दुबे की स्मृति में इस वर्ष का पुरस्कार वीर रस के सुप्रसिद्ध कवि हरिओम पंवार मेरठ को दिया जाएगा। पुरस्कार के रूप में पंवार को एक लाख 11 हजार 111 रुपए की राशि प्रदान की जाएगी। संस्थान सचिव डॉ. अविनाश दुबे ने बताया कि अब तक कुल 5 कवियों को इस पुरस्कार से नवाजा जा चुका है। जिसमे सुरेन्द्र शर्मा नई दिल्ली, संतोष आनंद प्रख्यात फिल्मी गीतकार नई दिल्ली, पद्मश्री अशोक चक्रधर नई दिल्ली, कीर्ति काले नई दिल्ली व पं. सत्यनारायण सत्तन इंदौर शामिल है।

हास्य व व्यंग्य के सशक्त कवि थे दुबे: गौरतलब है कि सुरेन्द्र दुबे जहां हास्य व्यंग्य के सशक्त कवि थे वहीं उन्होंने अपने रचनात्मक जीवन में वीर रस की प्रभावशाली रचनाओं का भी सृजन एवं मंचन किया। उनकी इसी बहुआयामी रचनात्मकता को ध्यान में रखते हुए वीर रस के शिखर कवि हरिओम पंवार को सम्मानित किया जाना तय किया गया है। संस्थान ने यह भी निर्णय लिया है कि वर्ष 2025 के सम्मानित होने वाले कवि की घोषणा भी शीघ्र ही की जाएगी तथा दोनों वर्षों के पुरस्कार एक ही मंच पर एक साथ प्रदान किए जाएंगे।

ऑपरेशन सिंदूर से जोड़ा जाएगा यह आयोजन: हाल ही में भारतीय सेना द्वारा ऑपरेशन सिंदूर के अंतर्गत जिस अभूतपूर्व साहस और राष्ट्रभक्ति का परिचय दिया गया वह सम्पूर्ण राष्ट्र के लिए गर्व का विषय है। इस ऐतिहासिक सैन्य पराक्रम की भावना को ध्यान में रखते हुए संस्थान ने इस वर्ष के आयोजन को ऑपरेशन सिंदूर को समर्पित करने का निर्णय लिया है। इस अवसर पर भारतीय सेना के एक प्रतिनिधि अथवा पूर्व सैनिक को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित कर उन्हें भी मंच पर सम्मानित किए जाने की योजना है।

कमेटियों का किया गठन: आयोजन की तैयारियों को लेकर मंगलवार को वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। बैठक में संस्थान अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश दुबे, सचिव डॉ. अविनाश दुबे, मानद सदस्य एवं ख्याति प्राप्त साहित्यकार कैलाश मण्डेला, अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त कवयित्री कीर्ति काले, वरिष्ठ पत्रकार सुरेन्द्र जोशी, शिक्षाविद सुभाष जैन, बहादुर सिंह, रामधन प्रजापत, मुकेश जैन, वीरेंद्र मित्तल, बृजराज शर्मा, अनिरुद्ध दुबे आदि मौजूद रहे। बैठक के दौरान विभिन्न कमेटियों का गठन कर जिम्मेदारियों का वितरण किया गया।

RELATED ARTICLES