Site icon Aditya News Network – Kekri News

नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में इनामी आरोपी गिरफ्तार, दो माह से पुलिस कर रही थी तलाश

केकड़ी शहर थाना पुलिस (फाइल फोटो)

केकड़ी, 23 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी शहर थाना पुलिस ने नाबालिग किशोरी से दुराचार करने के मामले में पिछले दो माह से फरार चल रहे इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी  धोलाराम ने बताया कि पीड़िता की मां ने गत 13 मार्च 2024 को रिपोर्ट दर्ज करवाई कि वह अपनी ना​बालिग पुत्री के साथ रिश्तेदारी में गई हुई थी। रात्रि के समय जब उसकी पुत्री सो रही थी, उस समय नन्दाराम मोग्या ने उसकी पुत्री के साथ मारपीट की व जबरन दुष्कर्म किया।

आरोपी नन्दाराम मोग्या

आरोपी हुआ फरार पुलिस ने भादसं एवं पोक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। लेकिन गिरफ्तारी के डर से आरोपी प्रकरण दर्ज होते ही फरार हो गया। पुलिस द्वारा लगातार प्रयास करने के बाद भी आरोपी का कहीं पता नहीं चला। आरोपी की गिरफ्तारी में देरी से पुलिस की छवि पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार बंसल ने आरोपी की गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया।

विशेष टीम का किया गठन पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार बंसल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामचन्द्र सिंह व पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा के सुपरविजन में विशेष टीम का गठन कर आरोपी की तलाश शुरु की गई। तलाशी के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी नन्दाराम मोग्या पुत्र शंकरलाल निवासी पुनर्वास कॉलोनी पथराज खुर्द थाना मोर जिला केकड़ी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाधिकारी धोलाराम एवं कांस्टेबल तेजमल व पुखराज शामिल है।

Exit mobile version