Site icon Aditya News Network – Kekri News

सड़क सुरक्षा अभियान: पोस्टर व निबंध प्रतियोगिता से दिया यातायात नियमों की पालना का संदेश

केकड़ी: सड़क सुरक्षा अभियान के तहत बनाए पोस्टर प्रदर्शित करते बच्चे।

केकड़ी, 27 जनवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): श्री मिश्रीलाल दुबे उच्च माध्यमिक अकादमी में क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय के तत्वावधान में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला परिवहन अधिकारी प्रमोद लोढ़ा के मार्गदर्शन व परिवहन निरीक्षक अतुल भारद्वाज के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान पोस्टर प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता व जागरूकता रैली का आयोजन हुआ। इसमें 75 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सड़क सुरक्षा के संदेश को अपनी कला व लेखनी के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रधानाचार्य नरेंद्र कुमार पारीक ने मुख्य निर्णायक की भूमिका निभाते हुए प्रविष्टियों का आकलन किया।

रचनात्मक प्रतियोगिताओं से दिया संदेश: पोस्टर प्रतियोगिता में आरती शर्मा ने प्रथम, पद्मिनी राठौर ने द्वितीय व अखिलेश वैष्णव ने तृतीय एवं निबंध प्रतियोगिता में सूरज मीणा ने प्रथम, लता शर्मा ने द्वितीय व किस्मत जाट ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर जिला परिवहन अधिकारी प्रमोद लोढ़ा ने कहा कि युवा समाज का भविष्य हैं और उनके माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश हर घर तक पहुंच सकता है। परिवहन निरीक्षक अतुल भारद्वाज ने छात्रों को स्वयं यातायात नियमों का पालन करने व दूसरों को भी प्रेरित करने की शपथ दिलाई।

Exit mobile version