केकड़ी, 19 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): यहां रविवार को रूप चौदस का पर्व पारम्परिक हर्ष के साथ मनाया गया। दीपावली से ठीक एक दिन पहले मनाए जाने वाले इस त्योहार ने पूरे नगर को उत्सव के रंग में रंग दिया। इस अवसर पर बाजारों में ग्राहकों की जबरदस्त भीड़ उमड़ी। सुबह से देर शाम तक मुख्य बाजारों में भारी चहल-पहल बनी रही। जिसके चलते कई स्थानों पर आवागमन प्रभावित हुआ। दीपोत्सव के लिए पटाखों की दुकानों पर सबसे ज्यादा भीड़ नजर आई। इस बार रेडिमेड वस्त्र, विशेषकर पारंपरिक परिधानों की मांग खूब रही। साथ ही घरेलु साज-सज्जा, रंगोली के सामान, वंदनवार व आकर्षक दीपक तथा मटकी की जमकर खरीददारी हुई। घरों में लक्ष्मी पूजन की तैयारी के लिए मिठाई की दुकानों व परचूनी सामान तथा पूजा सामग्री की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ उमड़ी।

ब्यूटी पॉर्लर पर नजर आई भीड़: रूप चतुर्दशी पर्व पर महिलाओं ने श्रृंगार किया तथा घरों के आगे दीपक जलाए। महिलाओं एवं युवतियों ने उबटन आदि लगा कर स्नान किया। हाथों व पैरों में मेहंदी लगाई। रूप चौदस को लेकर इस बार ब्यूटी पॉर्लर पर दिन भर भीड़ रही। खास बात यह रही कि ग्रामीण क्षेत्रों से आई महिलाओं की भीड़ पार्लरों पर विशेष रूप से नजर आई। जो शहरी महिलाओं के साथ कदम मिलाते हुए त्योहार की रौनक बढ़ा रही थी। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी नगर पालिका प्रशासन द्वारा नगर को दुल्हन की तरह सजाया गया। घण्टाघर एवं मुख्य प्रवेश द्वारों पर लगाई गई बिजली चलित झालरों की आकर्षक साज-सज्जा ने रात्रि में नगर की सुंदरता को चार चांद लगा दिए।
