Monday, February 2, 2026
Homeसमाजसंत रविदास जयंती: सामूहिक विवाह सम्मेलन में 15 जोड़ों ने थामा एक-दूसरे...

संत रविदास जयंती: सामूहिक विवाह सम्मेलन में 15 जोड़ों ने थामा एक-दूसरे का हाथ, शोभायात्रा में उमड़ा समाज

केकड़ी, 01 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): संत शिरोमणि रविदास जयंती के पावन अवसर पर रेगर समाज की ओर से भव्य सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया गया। यज्ञाचार्य संत रामलाल गढ़वाल के सानिध्य में आयोजित इस समारोह में 15 जोड़ों ने वैदिक मंत्रोच्चार व अग्नि के समक्ष सात फेरे लेकर दांपत्य जीवन में प्रवेश किया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः बाबा रामदेव मंदिर से गाजे-बाजे के साथ हुआ। सुसज्जित वाहन में संत रविदास जी की प्रतिमा स्थापित कर भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें वर-वधु की बिंदोली आकर्षण का केंद्र रही। शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई यह यात्रा कार्यक्रम स्थल पहुंची, जहां वर-वधु ने सामूहिक तोरण की रस्म अदा की। इसके पश्चात पाणिग्रहण संस्कार संपन्न हुआ।

ऑनलाइन संदेश के जरिए मिला आशीर्वाद: आशीर्वाद समारोह में मुख्य अतिथि शत्रुघ्न गौतम ने विधानसभा की व्यस्तता के चलते ऑनलाइन अपना संदेश साझा किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह सम्मेलनों से धन के अपव्यय पर रोक लगती है व निर्धन परिवारों को संबल मिलता है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को सामाजिक एकता व भाईचारे का प्रतीक बताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता गोपाल लाल वर्मा ने की। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी रामप्रसाद मुणोत, कर्नल दुर्गा लाल रेगर, तहसीलदार संतोष रेगर, महासभा के जिलाध्यक्ष गुदड़मल जगरवाल व ओमप्रकाश मुडेंतिया सहित कई गणमान्य जन उपस्थित रहे।

केकड़ी: रेगर समाज की ओर से निकाली गई शोभायात्रा।

अतिथियों का किया स्वागत: शुरुआत में समाज अध्यक्ष पारसमल कांसोटिया, सम्मेलन अध्यक्ष दुर्गा लाल कांसोटिया व उपाध्यक्ष लोकेश कांसोटिया ने अतिथियों का माला व साफा पहनाकर स्वागत किया। समारोह के दौरान कर्नल दुर्गा लाल रेगर, मीडिया प्रभारी महावीर कांसोटिया, प्रभु लाल बदलोटिया, प्रिंसिपल गोपाल लाल रेगर सहित अन्य ने विचार व्यक्त करते हुए दानदाताओं के सहयोग की सराहना की तथा इसे पुण्य का कार्य बताया। कार्यक्रम का संचालन प्रभु लाल बादल व राजेश वर्मा ने किया। अंत में समाज अध्यक्ष ने प्रदेशभर से आए सैकड़ों समाज बंधुओं व अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

केकड़ी: रेगर समाज की ओर से निकाली गई शोभायात्रा।
RELATED ARTICLES