केकड़ी, 17 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजस्थान सरकार द्वारा पंचायतों में सरपंचों को प्रशासक नियुक्त किए जाने पर केकड़ी पंचायत समिति क्षेत्र के सरपंचों की ओर से शुक्रवार को अजमेर रोड स्थित पटेल आदर्श विद्या निकेतन स्कूल में एक भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में प्रशासकों (सरपंचों) व सरपंच प्रतिनिधियों ने केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी व विधायक शत्रुघ्न गौतम का 51 किलो की विशाल माला पहनाकर अभिनन्दन किया। मुख्य अतिथि विधायक शत्रुघ्न गौतम ने सरपंचों को बधाई देते हुए कहा कि सरंपच का चुनाव बिना राजनीति पार्टी के होता है। सरपंच ग्राम स्तर पर सरकार की सबसे मुख्य कड़ी होते हैं। ऐसे में गांवों में विकास कार्य कराने का अवसर सरपंचों को मिलता है। अब जब सरकार ने सरपंचों को प्रशासक के तौर पर नियुक्त कर दिया है तो उनकी जिम्मेदारी बढ़ गई है। उनके पास अपने कार्यकाल में अधूरे रह गए विकास कार्यों को पूरा करने का मौका है।

विकास कार्यों का दिया ब्यौरा: विधायक शत्रुघ्न गौतम ने पिछली सरकार व पूर्व विधायक डॉ. रघु शर्मा पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने सरपंचों को डराकर गलत तरीके से इस्तेमाल किया। इसके विपरीत उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में बिना राजनीतिक भेदभाव के विकास कार्य कराए जा रहे है। उन्होंने 20 महीने में 300 करोड़ रुपए की सड़कें स्वीकृत करवाई है। देवली से केकड़ी फोरलेन सड़क का निर्माण कार्य जल्द शुरू होने वाला है तथा केकड़ी से नसीराबाद तक पाइपलाइन शिफ्टिंग का कार्य शुरू हो चुका है। गौतम ने पूर्व विधायक पर आरोप लगाया कि उन्होंने केकड़ी जिले की घोषणा अंतिम समय में वाहवाही लूटने के लिए करवाई। जबकि जिले में 10 लाख की आबादी नहीं जोड़ी। केकड़ी में शाहपुरा, देवली, मालपुरा व नसीराबाद क्षेत्रों को जोड़ते तो ऐसी स्थिति नहीं आती।

देश विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर: केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर होने की बात कही। उन्होंने भारत को विकसित व आत्मनिर्भर देश बनाने के लिए ‘लोकल फॉर वोकल’ का उपयोग करने व विदेशी वस्तुओं का बहिष्कार कर स्वदेशी वस्तुएं खरीदने का आह्वान किया। उन्होंने किसानों से मृदा स्वास्थ्य की जांच कराने पर जोर दिया। ताकि पोषक तत्वों की कमी को दूर करके अधिक फसल उत्पादन किया जा सके। विधायक शत्रुघ्न गौतम की मांग पर चौधरी ने आगामी दो-ढाई साल में केकड़ी में केंद्रीय विद्यालय खोलने, रेल लाइन बिछाने एवं जयपुर-भीलवाड़ा मार्ग को नेशनल हाईवे बनाने का आश्वासन दिया। उन्होंने सांसद कोष से केकड़ी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य कराने की बात भी कही।

अन्य अतिथि व सम्मान: समारोह में भाजपा देहात जिलाध्यक्ष जीतमल प्रजापत, प्रधान होनहार सिंह राठौड़, जिला महामंत्री रायचंद बागड़ी, अर्जुन नलिया, सुभाष वर्मा, मंडल अध्यक्ष राजवीर भीचर, रामेश्वर गोस्वामी, सत्यनारायण गुर्जर सहित अन्य पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि मंचासीन थे। इस अवसर पर विधायक शत्रुघ्न गौतम ने हाल ही में RAS में चयनित हुए करण मेघवंशी, मायावी वैष्णव, श्रेष्ठी लखोटिया, अमन लखोटिया, किस्मत खींची व भूपेन्द्र सिंह राठौड़ को भी सम्मानित किया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत प्रशासक सीमा देवी गुर्जर, उर्मिला न्याती, सोनू लोढ़ा, लाभचंद बलाई, कृष्णगोपाल सैन, समोक देवी गुर्जर, गीता देवी गुर्जर, धनराज चौधरी, रामस्वरुप गुर्जर, सुशीला मेरोठा, लाड़ा देवी, लाली देवी सहित सरपंच प्रतिनिधि व भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। संचालन सुरेन्द्र जोशी ने किया।
