Site icon Aditya News Network – Kekri News

पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर संगोष्ठी, विधायक शत्रुघ्न गौतम बोले-हमारी सरकार अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए संकल्पबद्ध

केकड़ी: पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर पालिका परिसर में पौधरोपण करते विधायक शत्रुघ्न गौतम एवं अन्य।

केकड़ी, 25 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): जनसंघ के संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर भारतीय जनता पार्टी शहर मंडल द्वारा नगर पालिका सभागार में एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक शत्रुघ्न गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में केंद्र व राज्य सरकारें समाज के सबसे गरीब व्यक्ति के जीवन स्तर को ऊपर उठाने के लिए विभिन्न योजनाओं पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल ने जो सपना देखा था, आज की सरकारें उसे साकार करने का भरसक प्रयास कर रही हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाएं तथा उन्हें इन योजनाओं के बारे में अधिक से अधिक जानकारी दे। इस दौरान उन्होंने पालिका परिसर में पौधरोपण भी किया।

केकड़ी: पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर आयोजित संगोष्ठी में मौजूद विधायक एवं भाजपा कार्यकर्ता।

एकात्म मानववाद का सपना हो रहा पूरा: संगोष्ठी को संबोधित करते हुए जिला महामंत्री रायचंद बागड़ी ने कहा कि पंडित जी ने एकात्म मानववाद व अंत्योदय का जो सपना देखा था, हमारी सरकार उसे पूरा कर रही है। उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार की सैकड़ों योजनाएं ऐसी है, जिनसे समाज के निर्धन व्यक्तियों को सीधा लाभ मिल रहा है। जिला प्रवक्ता सत्यनारायण चौधरी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने जीवन भर तत्कालीन कांग्रेस सरकार की नीतियों का विरोध किया। उन्होंने बताया कि पंडित जी ने जिस जनसंघ रूपी पौधे को लगाया था, वह आज भारतीय जनता पार्टी के रूप में एक विशाल वटवृक्ष बन चुका है। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष रितेश जैन ने की।  संचालन मंडल उपाध्यक्ष अर्जुन सिंह शक्तावत ने किया।

ये रहे मौजूद: इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र चौधरी, युवा मोर्चा जिला महामंत्री देवव्रत सिंह राठौड़, ज्ञानेश्वर व्यास, कन्हैयालाल जेतवाल, अनिल राठी, मंडल महामंत्री केदार शर्मा, कैलाश चौधरी, मंडल उपाध्यक्ष धनराज कच्छावा, मंत्री महावीर राठी, प्रीतम जैन, पार्षद लोकेश साहू, सुरेश साहू, दशरथ साहू, राजेश मेहरचंदानी, पार्षद मुन्नी देवी साहू, उषा जैन, काली देवी सैनी, डिंपल बेनीवाल, कोमल राठी, प्रीति जैन, रामबाबू सांगरिया, कृष्ण गोपाल टेलर, रामपाल चौहान, मधुसूदन वैष्णव, सत्यनारायण सैनी, कैलाश माली, नवल चौहान, अटल शर्मा, विनोद गोठरवाल, हेमराज आचार्य, चंद्रकांत बोयत सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Exit mobile version