केकड़ी, 09 मार्च (आदित्य न्यूज नेटवर्क): समीपवर्ती तसवारिया में रविवार रात अज्ञात जंगली जानवर के हमले से पांच बकरे व दो बकरियों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य बकरी गंभीर रूप से घायल है। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त है। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना छीतर खटीक के खेत पर बने बाड़े में घटित हुई। पशुपालक सोमवार तड़के करीब 4 बजे तक बाड़े की रखवाली कर रहा था। उसके घर लौटने के बाद अज्ञात शिकारी जानवर ने बाड़े में घुसकर पशुओं को अपना निवाला बनाया। सुबह जब पशुपालक पुनः खेत पर पहुंचा, तो वहां का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। बाड़े में बड़ी संख्या में मृत व घायल पशु पड़े थे। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम व स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची व घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
लेपर्ड के हमले की आशंका: ग्रामीणों ने क्षेत्र में पूर्व में देखी गई लेपर्ड (तेंदुए) की गतिविधियों के आधार पर लेपर्ड के हमले की आशंका जताई है। हालांकि वन विभाग की फोरेस्टर पूनम चौधरी ने प्राथमिक जांच के बाद लेपर्ड के हमले से इनकार किया है। उनके अनुसार यह शिकार जरख या जंगली सियार द्वारा किए जाने की प्रबल संभावना है। पशुपालन विभाग द्वारा मृत पशुओं का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा, जिसकी रिपोर्ट के बाद ही हमलावर जानवर की पुष्टि हो सकेगी। इस अचानक हुई घटना से गरीब पशुपालक को लाखों रुपए का आर्थिक नुकसान हुआ है, जिससे परिवार पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं।

