केकड़ी, 25 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड द्वारा स्मार्ट मीटरिंग कार्य के तहत निर्धारित फर्म के माध्यम से प्रदेश भर में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य किया जा रहा है। निगम के सहायक अभियंता मुकेश मीणा ने बताया कि अब तक हजारों उपभोक्ताओं के परिसर में सफलतापूर्वक मीटर स्थापित किए जा चुके हैं, लेकिन कुछ क्षेत्रों में उपभोक्ताओं द्वारा इस कार्य में निराधार व्यवधान उत्पन्न किया जा रहा है जिसके चलते निर्धारित लक्ष्य अभी तक पूरे नहीं हो सके हैं। मीणा ने बताया कि वर्तमान में उपखण्ड के कुल 33,328 उपभोक्ताओं में से 21,295 मीटर स्थापित किए जा चुके हैं। आंकड़ों के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में 80% कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि शहरी क्षेत्र में स्थिति अपेक्षाकृत धीमी है। शहर में कुल 12,500 उपभोक्ताओं में से अब तक मात्र 4,700 मीटर ही लगे हैं, जो कि कुल लक्ष्य का केवल 37.30% है।
बाधा पहुंचाना होगा दंडनीय: सहायक अभियंता ने स्पष्ट किया कि स्मार्ट मीटर लगाने का यह प्रोजेक्ट सरकार की राजकीय अनुशंसा पर नियमानुसार टेंडर जारी कर संचालित किया जा रहा है। इसे पूर्णतः विभागीय व राजकीय कार्य की श्रेणी में रखा गया है। इस प्रक्रिया को रोकना राजकार्य में बाधा डालने के समान है, जिसके लिए संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जा सकती है। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से अनुरोध किया है कि वे इस आधुनिक तकनीक को अपनाने में विभाग का सहयोग करें व अपने नागरिक दायित्वों का निर्वहन करें। स्मार्ट मीटर लगने से विद्युत संबंधी गतिविधियां अधिक पारदर्शी व सुचारू रूप से संचालित हो सकेंगी।

