केकड़ी, 27 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन ने सामाजिक सरोकार के तहत गुरुवार को देवगांव गेट के बाहर स्थित मुक्तिधाम में विभिन्न प्रजातियों के 200 से अधिक पौधे लगाए। इन पौधों की मिशन द्वारा तीन साल तक सारसंभाल की जाएगी। ब्रांच मुखी अशोक रंगवानी ने बताया कि इंसान ने अपने विकास के लिए हमेशा ही प्राकृतिक संसाधनों का दोहन किया है। उसी का परिणाम है कि आज हम पर्यावरण का पतन होते देख रहे हैं। पर्यावरण को बचाने के लिए पौधरोपण जरूरी है तथा इसके लिए हर व्यक्ति को जागरूक रहकर आगे आना होगा।
युवा पीढ़ी को मिल रही सकारात्मक ऊर्जा सद्गुरु माता सुदीक्षा महाराज के आदेशानुसार इन दिनों पूरे भारतवर्ष में पौधरोपण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान से युवा पीढ़ी को सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त हो रही है। अभियान के दौरान लगाए जा रहे पौधे जब पेड़ का रूप धारण कर लेंगे, तब पर्यावरण का संतुलन भी सुधरने लगेगा। मीडिया सहायक रामचन्द्र टहलानी ने बताया कि उक्त मुक्तिधाम में 5 सालों से मिशन द्वारा हर वर्ष पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है। मंडल के सेवादार महात्मा चेतन भगतानी द्वारा मुक्ति धाम पर लगे पौधों की सारसम्भाल की सेवाओं को अंजाम दिया जा रहा है।