Site icon Aditya News Network – Kekri News

न्यायालय परिसर में होम्योपैथिक शिविर: विशेषज्ञ डॉक्टरों ने की 207 लोगों की जांच, वितरित की निःशुल्क दवाइयां

केकड़ी: अभिभाषक कक्ष में आयोजित जांच एवं परामर्श शिविर के दौरान सेवाएं देते होम्योपैथी चिकित्सक एवं मौजूद अधिवक्तागण।

केकड़ी, 13 मार्च (आदित्य न्यूज नेटवर्क): न्यायालय परिसर स्थित अभिभाषक कक्ष में शुक्रवार को यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ होम्योपैथी द्वारा एक दिवसीय नि:शुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में अधिवक्ताओं, न्यायालय कर्मियों व आमजन को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क परामर्श व दवाइयां प्रदान की गई। प्राचार्य एवं चिकित्सालय अधीक्षक डॉ. पुनीत आर. शाह के नेतृत्व में डॉ. अंशुल चाहर, डॉ. राजेश कुमार मीणा, डॉ. नीता शर्मा, डॉ. देवेंद्र कुमार नामा, डॉ. साक्षी शर्मा व कंपाउंडर वीरेन्द्र प्रताप सिंह आदि ने कुल 207 लोगों के स्वास्थ्य का परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाइयां वितरित कीं। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सीताराम कुमावत ने चिकित्सा टीम की सेवाओं की प्रशंसा करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया।

स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक: चिकित्सकों ने परीक्षण के साथ-साथ उपस्थित जनों को बदलती जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों के प्रति सचेत किया व उनसे बचाव के महत्वपूर्ण सुझाव दिए। शिविर के सफल संचालन में महाविद्यालय के तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों का भी विशेष योगदान रहा। इस दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता, मुंशी, टाइपिस्ट व स्टाम्प वेंडर सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। समापन पर डॉ. पुनीत आर. शाह ने सहयोग के लिए बार एसोसिएशन का धन्यवाद ज्ञापित किया व भविष्य में भी इस प्रकार के जनकल्याणकारी शिविर आयोजित करने का आश्वासन दिया।

Exit mobile version