केकड़ी, 02 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): हार्दिक मेमोरियल संस्थान एवं हार्दिक स्पोर्ट्स एकेडमी के संयुंक्त तत्वावधान में पटेल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में सोमवार को प्रथम राज्य स्तरीय बैडमिंटन चैंपियनशिप का आगाज हुआ। इस प्रतियोगिता में प्रदेश भर के 200 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे है। प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा शहर मण्डल अध्यक्ष रितेश जैन मौजूद रहे। वही विशिष्ट अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भंवरलाल जगरवाल, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी केकड़ी गोपीलाल कीर एवं शिक्षक नेता बिरदीचन्द वैष्णव उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता अग्रवाल समाज केकड़ी के संरक्षक कैलाशचन्द गर्ग ने की। सेवानिवृत्त रीडर सत्यनारायण गर्ग और भंवरलाल फतेहपुरिया भी विशेष अतिथि के रूप में मंचासीन रहे।

अतिथियों का किया स्वागत: आयोजन समिति के सदस्य सत्यनारायण चौधरी, राजेशकुमार उपाध्याय, अभिषेक अग्रवाल, अमित गर्ग, राकेश फतेहपुरिया, अनूप पिलानिया, कैलाश बसेर, रामबाबू स्वर्णकार, अमन अग्रवाल एवं मनन अग्रवाल ने आगंतुक अतिथियों को माला पहनाकर पहनाकर, बैज लगाकर एवं उपरणा ओढ़ाकर स्वागत किया। इस अवसर पर सीबीईओ गोपीलाल कीर ने कहा कि खेल गतिविधियों को अपनाना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि खेल जीवन में अनुशासन लाने के साथ-साथ तनाव को दूर करता है और शरीर को स्वस्थ रखता है।

निरोगी रहने के लिए खेल जरूरी: शिक्षक नेता बिरदीचन्द वैष्णव ने कहा कि निरोगी रहना मनुष्य की सबसे बड़ी पूंजी है तथा खेल इस दिशा में सबसे प्रभावी माध्यम है। आयोजन समिति के सचिव शारीरिक शिक्षक अरविन्द अग्रवाल ने प्रतियोगिता का परिचय दिया। संचालन सत्यनारायण सोनी ने किया। समारोह के अंत में हार्दिक मेमोरियल संस्थान के निदेशक अरुण अग्रवाल ने आभार प्रदर्शित किया। इस अवसर पर यूसीईओ गोपाल रेगर सहित कई गणमान्य नागरिक व खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

पहले दिन के परिणाम: प्रतियोगिता के पहले दिन उद्घाटन मैच रुद्र प्रताप सिंह व ईशान कारिहा के बीच खेला गया जिसमें रुद्र प्रताप सिंह 2-0 से विजेता रहे। इसके अलावा अंडर 15 वर्ष के मैच में आयुष सिंह, राघव शर्मा, अवि राठौड़, जय लाम्बा, हार्दिक कारिहा, अविष सैनी, दैविक लखोटिया, असद खान, रुद्र मीणा, कार्तिक जैन, शाश्वत बजाज, अमन गुर्जर, हर्षित मूंदड़ा, मोहम्मद आफताब, कुणाल राठौड़, शौर्य प्रताप सिंह, मनन उपाध्याय, रुद्रप्रताप सिंह, दर्षिल सिंह, ध्रुव तोषनीवाल, ग्रंथ जैन, अविकर जांगिड़, केशव जांगिड़, हनी सेहवानी, हेमेश हरवानी, भव्य जैन व रोहित चौधरी ने विजेता रहते हुए द्वितीय दौर में प्रवेश किया।


