केकड़ी, 20 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): कादेड़ा रोड स्थित बढ़ते कदम गौशाला संस्थान का 8वां स्थापना दिवस रविवार को बड़े हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें गो-संवर्धन के लिए वेद मंत्रों से आहुतियां दी गई। गो-पूजन के साथ यज्ञ की पूर्णाहुति हुई और धर्म ध्वजा फहराकर कार्यक्रम का समापन किया गया। हवन यज्ञ के बाद स्थापना समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें विधायक शत्रुघ्न गौतम मुख्य अतिथि, अंतर्राष्ट्रीय रामस्नेही संप्रदाय के संत राम शरण महाराज मुख्य वक्ता एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक कैलाश शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अध्यक्षता संस्थान अध्यक्ष अशोक पारीक ने की।

गाय का दूध अमृत के समान: समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक शत्रुघ्न गौतम ने गोमाता की महिमा का बखान करते हुए कहा कि गोमाता की सेवा तन, मन और धन से करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि गाय का दूध और घी शीतकाल में अमृत के समान होता है और गाय के दूध में पाया जाने वाला कैरोटिन नामक पीला पदार्थ स्वर्ण अंश माना जाता है, जो आंखों की रोशनी बढ़ाता है। विधायक गौतम ने भावुक होकर कहा कि मैं आज जो कुछ भी हूं, गोमाता की कृपा से हूं। गौमाता की सेवा से बढ़कर कोई पुण्य कार्य नहीं है। इस दौरान उन्होंने भक्तों के साथ मिलकर गोमाता को लापसी और हरा चारा खिलाया।

पीड़ित गौ की सेवा आवश्यक: मुख्य वक्ता अंतर्राष्ट्रीय रामस्नेही संप्रदाय के संत राम शरण महाराज ने गोमाता के प्रति जिम्मेदारी को रेखांकित करते हुए कहा कि हम गौ को माता कहते है, तो हमें गली-मोहल्ले में भी गोमाता की सेवा करनी चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से पीड़ित गौवंश के उपचार और उनकी सेवा पर जोर दिया। विशिष्ट अतिथि एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक कैलाश शर्मा ने कहा कि भगवान ने भारत को दो मुख्य कार्यों के लिए बनाया है, पहला प्राणी मात्र की सेवा और दूसरा विश्व शांति। उन्होंने जोर दिया कि गोमाता की सेवा के साथ-साथ भारत माता की सेवा करना भी हमारा धर्म है। शर्मा ने सभी से आह्वान करते हुए कहा कि ईश्वर हमें सब कुछ देता है। हमें भी कुछ देना सीखना चाहिए।

चौदह को बनाया आजीवन सदस्य: समारोह के दौरान शंभू सोनी, राम रतन मेवाड़ा, विमल कोठारी, मुकेश सोनी, अनिल लोढ़ा, सत्यवीर सिंह, भागचंद मेवाड़ा, किशन खारोल, सत्यनारायण धाकड़, किशन पटेल, मनोज कुमावत, डॉ. सुरेश अग्रवाल, गोपाल सोमानी व श्रीकांत शारदा (सरवाड़) ने गौशाला की आजीवन सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर रामेश्वर प्रसाद मिश्र, गोपाल लाल वर्मा, मुकेश नुहाल, कैलाश जैन, राकेश तोषनीवाल, राजेंद्र बियानी, धनराज चौधरी, चंद्र प्रकाश चौधरी, धनेश जैन, भागचंद सूंडा, हरि प्रसाद विजय, चंदू पंडित, राजेश शर्मा, ओम प्रकाश शर्मा, महेंद्र पारीक, सत्यनारायण मेवाड़ा, मनोज न्याति, पंकज होतचंदानी, अमित गर्ग सहित अनेक गौ भक्त उपस्थित रहे। संचालन व्यवस्था प्रमुख आनंदी राम सोमानी ने किया।
