केकड़ी, 26 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सराना थाना पुलिस ने वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। थानाधिकारी ममता शर्मा ने बताया कि बीती 27 जनवरी 2026 को प्रार्थी ने अपनी 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री को अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बीएनएस व जेजे एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने 29 जनवरी को ही अपहृता को दस्तयाब कर लिया था। प्रकरण में पुलिस ने पूर्व में कार्रवाई करते हुए 7 फरवरी 2026 को आरोपी सुखपाल गुर्जर निवासी सिंगावल को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया था।

न्यायालय ने भेजा जेल: इसी क्रम में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों व प्रभावी घेराबंदी के जरिए आरोपी पुखराज गुर्जर (24) पुत्र नारायण निवासी देवमाली (ब्यावर) को भी गिरफ्तार कर लिया है। आवश्यक कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा के निकटतम सुपरविजन में की गई इस कार्रवाई में थानाधिकारी ममता शर्मा, कॉन्स्टेबल रामनिवास व रणजीत कुमार ने अहम भूमिका निभाई है।


