Site icon Aditya News Network – Kekri News

बॉर्डर होमगार्ड जवान की हत्या का आरोपी 48 घंटे में गिरफ्तार, बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने के दौरान जेसीबी चालक ने मारी थी टक्कर

प्रतीकात्मक फोटो

केकड़ी, 28 जनवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भिनाय थाना पुलिस ने ड्यूटी के दौरान बॉर्डर होम गार्ड के जवान की हत्या के मामले में आरोपी को महज 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी ने बजरी के अवैध परिवहन को रोकने के प्रयास के दौरान गेट व पिलर को जेसीबी से टक्कर मार दी थी। जिसकी चपेट में आने से जवान की मृत्यु हो गई थी। थानाधिकारी ओमप्रकाश मीणा ने बताया कि बीकानेर के छतरगढ़ निवासी मेहताब सिंह ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उनका छोटा भाई अमर सिंह जो बॉर्डर होम गार्ड में सेवारत था, बड़ली क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात था। गत 25 जनवरी 2026 को चैकिंग के दौरान एक जेसीबी व बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान जेसीबी चालक अर्जुन सिंह उर्फ टोनू ने वाहन को अंधाधुंध चलाते हुए अमर सिंह को जोरदार टक्कर मार दी व उन्हें कुचलते हुए फरार हो गया। इस गंभीर हादसे में जवान अमर सिंह की मौके पर ही मृत्यु हो गई। 

पुलिस की त्वरित कार्रवाई: पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) व 121(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए अजमेर रेंज आईजी राजेन्द्र सिंह व पुलिस अधीक्षक वन्दिता राणा के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश मील व वृताधिकारी हर्षित शर्मा के सुपरविजन में थानाधिकारी ओमप्रकाश के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी साक्ष्यों व मुखबिर की सहायता से आरोपी बड़ली निवासी अर्जुन सिंह उर्फ टोनू (23) पुत्र भंवर सिंह को घेराबंदी कर धर दबोचा। इस कार्रवाई में थानाधिकारी ओमप्रकाश, एएसआई गिरधारी सिंह व रामाकिशन, हैड कांस्टेबल बनवारी लाल, कांस्टेबल भागचंद, मनमोहन, ओमसिंह, महेश कुमार, सुरेश व चालक नरेन्द्र पूनिया की विशेष भूमिका रही।

Exit mobile version