केकड़ी, 05 जनवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): महिला अपराधों पर अंकुश लगाने एवं वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सावर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने नाबालिग विवाहिता का अपहरण कर दुष्कर्म करने के मामले में एक माह से फरार चल रहे मुख्य आरोपी अजीत गुर्जर को गिरफ्तार किया है। सावर थानाधिकारी राधेश्याम जाट ने बताया कि पीड़िता के पति ने गत 1 दिसंबर 2025 को मामला दर्ज कराया कि पीड़िता घर से लापता है। बाद में पता चला कि आरोपी अजीत गुर्जर व उसके परिजनों ने पीड़िता को बंधक बना रखा है। पीड़िता ने फोन पर खुद के बूंदी व फिर टोंक ले जाए जाने की सूचना दी थी। इस पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता एवं जेजे एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
तकनीकी मदद से दबोचा आरोपी: मामले की गंभीरता व नाबालिग से जुड़े अपराध को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक राजेन्द्र सिंह व पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा के निकटतम सुपरविजन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिरों की सूचना व तकनीकी विश्लेषण की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी अजीत गुर्जर (25) पुत्र दुर्गालाल गुर्जर निवासी श्रृंगार चंवरी जहाजपुर जिला भीलवाड़ा को डिटेन कर लिया। गहन पूछताछ के बाद अपराध स्वीकार करने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ कर रही है। इस कार्रवाई में सावर थानाधिकारी राधेश्याम, कांस्टेबल शिवप्रकाश, रामेश्वर गिरी व छोटूराम की विशेष भूमिका रही।

