Sunday, March 1, 2026
Homeक्राइम न्यूजप्रशासन ने अवैध खनन पर कसी नकेल: 100 टन बजरी जब्त, पत्थर...

प्रशासन ने अवैध खनन पर कसी नकेल: 100 टन बजरी जब्त, पत्थर से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली भी पकड़ी

केकड़ी, 30 दिसंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): खनिज विभाग व पुलिस प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध खनन माफियाओं के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। विभाग ने धूंधरी क्षेत्र में अवैध रूप से स्टॉक की गई 100 टन बजरी जब्त की है, वहीं शहर के पास अवैध पत्थर ले जाते एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़कर जुर्माना वसूला है। कार्रवाई की सूचना मिलते ही अवैध बजरी के स्टॉकिस्टों एवं अवैध पत्थर परिवहन करने वाले ट्रैक्टर चालकों में हड़कंप मच गया।

जब्त की 100 टन बजरी: अधीक्षण खनिज अभियंता (अजमेर) जे.के. गुरुबक्षाणी एवं सहायक खनिज अभियंता मनोज कुमार तंवर के निर्देशन में खनिज विभाग की टीम ने धूंधरी तहसील केकड़ी में दबिश दी। यहां राजकीय भूमि पर अवैध रूप से खनन कर जमा की गई 100 टन बजरी पाई गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस स्टॉक को जब्त किया तथा पट्टा धारक की सहायता से टी.पी. पॉइंट गुलगांव पर सुरक्षित डलवाया। विभाग द्वारा आगामी दिनों में इस बजरी की नीलामी की जाएगी।

केकड़ी: पुलिस व खनिज विभाग द्वारा जब्त किया चुनाई पत्थर से भरा ट्रैक्टर।

ट्रैक्टर-ट्रॉली से वसूला जुर्माना: एक अन्य कार्रवाई में खनिज कार्यदेशक कौशल शर्मा ने केकड़ी शहर के पास अवैध रूप से चुनाई पत्थर का परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रुकवाया। चालक के पास वैध दस्तावेज न होने पर वाहन को जब्त कर केकड़ी सदर थाना की सुपुर्दगी में दिया गया। इस कार्रवाई के तहत संबंधित विभाग द्वारा 26,400 रुपये की पेनल्टी राशि वसूल की गई है। इस संयुक्त कार्रवाई में खनिज कार्यदेशक कौशल शर्मा, बोर्डर होमगार्ड के जवान, केकड़ी शहर थानाधिकारी मय जाब्ता व सदर थाना पुलिस का विशेष सहयोग रहा।

RELATED ARTICLES