Site icon Aditya News Network – Kekri News

सरकारी आवास में फंदे से लटका मिला चर्म रोग विशेषज्ञ का शव, क्षेत्र में फैली सनसनी, अस्पताल नहीं पहुंचने पर हुआ खुलासा, अंतिम स्टेटस में लिखा— ‘मरीज नहीं देखे जाएंगे, अनावश्यक कॉल न करें’

केकड़ी, 17 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): यहां राजकीय जिला चिकित्सालय में कार्यरत चर्म रोग विशेषज्ञ ने मंगलवार को अपने सरकारी आवास में संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. अशोक कुमार मीणा की मंगलवार को डे-ड्यूटी थी। दोपहर दो बजे तक जब वे अस्पताल नहीं पहुंचे, तो पीएमओ व अन्य सहकर्मियों ने उन्हें फोन किया। बार-बार फोन करने पर भी जब कोई जवाब नहीं मिला, तो अस्पतालकर्मी पीछे स्थित सरकारी क्वार्टर पहुंचे।

केकड़ी: पीएमओ से घटना की जानकारी लेते पुलिस अधिकारी।

मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी: सरकारी आवास का दरवाजा भीतर से बंद था। काफी खटखटाने के बाद भी जब प्रतिक्रिया नहीं हुई, तो एक कर्मचारी ने खिड़की की दरार से भीतर झांका, जहां डॉ. मीणा का शव फंदे से लटका नजर आया। सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व शहर थानाधिकारी अनिल शर्मा पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को फंदे से नीचे उतारा व मोर्चरी में रखवाया। घटना के बाद अस्पताल परिसर व आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर छा गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। पुलिस फिलहाल मामले की गहनता से जांच कर रही है।

सोमवार से ही थी तबीयत खराब: बताया जाता है कि डॉ. अशोक मीणा ने सोमवार को अपनी तबीयत ठीक नहीं होने की बात कहते हुए ड्यूटी से अवकाश लिया था। मंगलवार सुबह करीब 10:37 बजे उन्होंने अपने व्हाट्सएप पर आखिरी स्टेटस लगाया था, जिसमें लिखा था कि “मरीज नहीं देखे जाएंगे, अनावश्यक कॉल न करें”। इससे पहले सुबह चिकित्सक के यहां खाना बनाने वाली महिला ने नाश्ता तैयार किया था, जिसके बाद वह वहां से चली गई थी। बताया जाता है कि वे पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में थे। खाना बनाने वाली महिला के अनुसार मीणा पिछले कुछ दिनों से परेशान नजर आ रहे थे। डॉ. मीणा सरकारी आवास पर अकेले रह रहे थे। उनकी पत्नी दिल्ली में शिक्षा विभाग में कार्यरत है।

केकड़ी: चिकित्सक के आत्महत्या की सूचना पर मौके पर जमा भीड़।

पुलिस की कार्रवाई व जांच: पुलिस ने सरकारी आवास को सील कर दिया है व एफएसएल (FSL) टीम को जांच के लिए बुलवाया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। परिजनों को सूचित कर दिया गया है व उनकी मौजूदगी में आवास की विस्तृत तलाशी ली जाएगी। मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।

Exit mobile version