Homeक्राइम न्यूजरात को घर से निकली युवती का कुंड में मिला शव: सुसाइड...

रात को घर से निकली युवती का कुंड में मिला शव: सुसाइड की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

केकड़ी, 11 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भिनाय कस्बे में शनिवार सुबह एक पुराने कुंड में युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला व पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या का मामला मानकर जांच कर रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका शुक्रवार रात को बिना बताए घर से निकली थी। जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन रात भर उसका कोई सुराग नहीं लगा। शनिवार सुबह भिनाय बस स्टैंड के पास स्थित बालाजी मंदिर से सटे पुराने कुंड में ग्रामीणों ने एक शव तैरता देखा, जिसकी शिनाख्त लापता युवती के रूप में हुई।

मौके पर उमड़ी भीड़: कुंड में शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। भिनाय थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों के सहयोग से शव को कुंड से बाहर निकाला। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं। भिनाय थाना प्रभारी ओमप्रकाश मीणा ने बताया कि पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल मृत्यु के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

RELATED ARTICLES