केकड़ी, 11 दिसंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी विधायक शत्रुघ्न गौतम के पिता नंदकिशोर शर्मा को गुरुवार को मालपुरा के मुक्तिधाम में हजारों नम आंखों के बीच अंतिम विदाई दी गई। उनका अंतिम संस्कार विधि-विधान के साथ किया गया, जिसमें राजनीतिक व सामाजिक क्षेत्रों की कई जानी-मानी हस्तियों ने शिरकत कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। नंदकिशोर शर्मा की अंतिम यात्रा सुबह 11 बजे विधायक शत्रुघ्न गौतम के मालपुरा स्थित आवास से प्रारंभ हुई। यह यात्रा शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए अरांई रोड स्थित श्मशान स्थल पहुंची। यहां उनके पुत्रों कमलेश गौतम, विधायक शत्रुघ्न गौतम, राकेश गौतम व राजेश गौतम ने भावुक माहौल में मुखाग्नि दी। उनके पौत्रों पंकज, भरत, पूजित, शाश्वत व यतीन्द्र सहित अन्य परिवारजनों ने भी अंतिम संस्कार की रस्मों को पूरा किया। इस दौरान क्षेत्र भर से उमड़े हजारों लोगों ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

ये रहे मौजूद: इस मौके पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ राजस्थान क्षेत्र के सेवा प्रमुख शिवलहरी, जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी, सहकारिता राज्य मंत्री गौतम दक, देवली-उणियारा विधायक राजेन्द्र गुर्जर, नसीराबाद विधायक रामस्वरूप लांबा, शाहपुरा विधायक लालाराम बैरवा, भाजपा प्रदेश महामंत्री मिथिलेश गौतम, प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य सागर शर्मा, पूर्व ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह शक्तावत, केकड़ी नगर पालिका अध्यक्ष कमलेश साहू, केकड़ी पंचायत समिति प्रधान होनहार सिंह राठौड़, अजमेर सीसीबी अध्यक्ष मदन गोपाल चौधरी, भाजपा राजेन्द्र विनायका सहित कई जनप्रतिनिधि व सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।


