केकड़ी, 30 जनवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजकीय महाविद्यालय में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता के अंतर्गत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। खेल प्रभारी विकास कुमार ने बताया कि खो-खो छात्रा वर्ग व कबड्डी छात्र-छात्रा वर्ग में बीए की टीम विजयी रही। मैदानी स्पर्धाओं में छात्रा वर्ग की 100 मीटर दौड़ में कोमल महावर, 200 मीटर दौड़ में कर्मा धाकड़ व 400 मीटर दौड़ में कृष्णा बैरवा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार छात्र वर्ग की 100 मीटर दौड़ में दशरथ सिंह, 200 मीटर दौड़ में खुशीराम खटीक व 400 मीटर दौड़ में रामसहाय गुर्जर प्रथम स्थान पर रहे। गोला फेंक स्पर्धा के छात्र वर्ग में दशरथ सिंह ने बाजी मारते हुए पहला स्थान हासिल किया।

खेलों का जीवन में महत्व: इस अवसर पर प्राचार्य किरोड़ी लाल मीना ने विजेता प्रतिभागियों को बधाई देते हुए छात्र-छात्राओं को खेल के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास बल्कि मानसिक मजबूती व अनुशासन के लिए भी अनिवार्य है। खेलकूद प्रतियोगिता को सफल बनाने में शारीरिक शिक्षक देवराज, अजय पारीक, गोपाल गुर्जर व सुरेंद्र का विशेष सहयोग रहा। इस दौरान महाविद्यालय स्टाफ के सदस्य चेतन लाल रेगर, डॉ. नीता चौहान, डॉ. रजनी, माया पारीक, मनोज कुमार, आनंद पाराशर, एकता नेहरा, उपेंद्र व सुरेश चौधरी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।


