केकड़ी, 24 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): चार दिन की कड़ी मशक्कत के बाद भी जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय अजमेर की मोर्चरी में रखे शव की पहचान सुनिश्चित नहीं हो सकी। सिटी थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार करवा दिया। सिटी थानाधिकारी कुसुमलता मीणा ने बताया कि गत 17 फरवरी को ब्यावर रोड पर बेसुध मिले युवक की 19 फरवरी को अजमेर में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। तभी से युवक का शव जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय अजमेर की मोर्चरी में रखा हुआ था।

पुलिस ने की हरसंभव कोशिश इस दौरान पुलिस ने युवक की पहचान के लिए हरसंभव उपाय किए, लेकिन पहचान सुनिश्चित नहीं हो सकी। रविवार को एएसआई शंकरलाल खींची अजमेर पहुंचे और आवश्यक कागजी कार्रवाई की। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने अपने स्तर पर शव का अंतिम संस्कार करवा दिया। पुलिस ने जांच के लिए मृतक का डीएनए व कपड़े आदि सुरक्षित रखवाए है। साथ ही फोटोग्राफ्स आदि भी संरक्षित किए है।

क्या है मामला गत 17 फरवरी को ब्यावर रोड निवासी प्रहलाद शर्मा ने जानकारी दी कि यहां गंभीर रूप से बीमार एक युवक पड़ा है, जिसकी उम्र लगभग 32 वर्ष है तथा हिन्दू प्रतीत हो रहा है। उसके दाहिने हाथ पर अंग्रेजी में SSMK लिखा है, जिसके सिर पर काले बाल व काली दाढ़ी है। सूचना पर मौके पर पहुंची एम्बुलेंस 108 के जरिए युवक को राजकीय जिला चिकित्सालय में भर्ती करवाया जहां से उसे 18 फरवरी को अजमेर रेफर कर दिया गया। उक्त युवक की 19 फरवरी को जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय अजमेर में उपचार के दौरान मौत हो गई। सूचना पर अजमेर पहुंची सिटी थाना पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया।
संबंधित समाचार पढ़िए…