Tuesday, January 20, 2026
Homeव्रत एवं त्योहारधूं-धूं कर जल उठे रावण, कुम्भकर्ण व मेघनाद के पुतले... दशानन का...

धूं-धूं कर जल उठे रावण, कुम्भकर्ण व मेघनाद के पुतले… दशानन का गुरूर हुआ चूर-चूर…

केकड़ी: दहन से पहले पटेल मैदान में खड़े रावण, कुम्भकर्ण एवं मेघनाद के पुतले।

केकड़ी, 02 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी में गुरुवार को दशहरे के अवसर पर पटेल मैदान में रावण, कुम्भकर्ण व मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया। नगर पालिका केकड़ी द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में बूंदी के शोरगरों की टीम ने भव्य आतिशबाजी कर समां बांध दिया। रावण दहन से पहले भगवान राम की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जो पुरानी केकड़ी स्थित कुंज मंदिर से प्रारम्भ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पटेल मैदान पहुंची।

केकड़ी: लक्ष्मण मूर्च्छा संवाद का जीवंत मंचन करते कलाकार।

विभिन्न प्रसंगों का किया जीवन्त मंचन: जहां स्थानीय कलाकारों ने रामायण के विभिन्न प्रसंगों मारिची वध, सीता हरण, जटायु वध, लंका दहन, लक्ष्मण मुर्च्छा व राम रावण युद्ध का जीवन्त मंचन किया। इसके बाद भगवान राम ने अग्नि बाण चला कर रावण का वध किया। अग्नि बाण चलते ही रावण, कुम्भकर्ण व मेघनाद के पुतले धूं-धूं कर जल उठे। इस मौके पर विधायक शत्रुघ्न गौतम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

केकड़ी: नाभि में बाण लगने के बाद हुई आकर्षक आतिशबाजी में मनोहारी रुप में नजर आता रावण का पुतला।
केकड़ी: रावण दहन के बाद विभीषण का राजतिलक करते विधायक शत्रुघ्न गौतम।

विभीषण का किया राजतिलक: रावण दहन के बाद विधायक शत्रुघ्न गौतम ने विभीषण का राजतिलक किया एवं भगवान रघुनाथ की आरती की। इस मौके पर उपखण्ड अधिकारी दीपांशु सांगवान, नगर पालिका अध्यक्ष कमलेश साहू, नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र चौधरी सहित पार्षदगण, जनप्रतिनिधि एवं अन्य अतिथि आदि मौजूद रहे। नगर पालिका के कर्मचारियों ने विभिन्न व्यवस्थाओं को अंजाम दिया। कार्यक्रम के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने व्यापक बंदोबस्त किए।

RELATED ARTICLES