केकड़ी, 08 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सर्व हिंदू समाज के तत्वावधान में रविवार को नगर पालिका रंगमंच पर विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब समाज की धर्म, संस्कृति व राष्ट्रभावना के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक बना। विभिन्न बस्तियों से निकली मंगल कलश यात्रा ने इस आयोजन को सामाजिक जागरण के महापर्व में बदल दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुआ। मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक शिवराज ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि संगठित समाज ही राष्ट्र को परम वैभव पर ले जा सकता है। उन्होंने सामाजिक समरसता व राष्ट्र निर्माण में हिंदू समाज की भूमिका पर विशेष मार्गदर्शन दिया।

संत आशीर्वचन व मातृशक्ति का आह्वान: महंत राधे बाबा निर्मोही ने सनातन संस्कृति के संरक्षण व आचार-विचार की पवित्रता पर बल देते हुए आध्यात्मिक जागरण का संदेश दिया। मातृशक्ति प्रतिनिधि सरिता साहू ने परिवार संस्कार व समाज निर्माण में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। संयोजक सुदेश कुमार पाराशर ने कार्यक्रम की प्रस्तावना प्रस्तुत करते हुए इसके उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। आयोजन समिति के अध्यक्ष बंशीलाल जांगिड़ ने समाज की एकजुटता व संगठन के महत्व पर बल देते हुए सभी का आभार व्यक्त किया।

एकजुटता का संकल्प: सम्मेलन के दौरान मंचासीन रहे विधायक शत्रुघ्न गौतम ने समाज के विभिन्न वर्गों के साथ संवाद किया तथा आयोजन की सफलता के लिए समर्पित कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया। प्रचार प्रमुख रोहित जांगिड़ ने बताया कि मंचासीन अतिथियों का स्वागत प्रियंका तारावत, ललिता चौधरी, सुमन सेन, शैतान तारावत, लादूराम रैगर, रामेश्वर मांडिया, महावीर विजयवर्गीय, सुमित वाल्मीकि व रामवतार चौधरी द्वारा किया गया। मंच संचालन डॉ. हरिओम शरण शर्मा ने किया। कार्यक्रम का समापन भारत माता की आरती व सामूहिक भोजन प्रसादी के साथ हुआ, जहां सभी ने राष्ट्रहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।


