केकड़ी, 03 जनवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): आचार्य श्री प्रज्ञा सागर महाराज का मंगल विहार व विधायक शत्रुघ्न गौतम के नेतृत्व में आयोजित होने वाली ‘हरित पर्यावरण मैराथन दौड़‘ भीषण शीतलहर को देखते हुए फिलहाल स्थगित कर दी गई है। शनिवार को बोहरा कॉलोनी स्थित पाण्डाल में आयोजित धर्मसभा के दौरान विधायक शत्रुघ्न गौतम ने आचार्यश्री से निवेदन किया कि अत्यधिक ठंड व शीतलहर के कारण मैराथन दौड़ व विहार को फिलहाल स्थगित किया जाए। आचार्यश्री ने लोकहित में विधायक के इस आग्रह को सहर्ष स्वीकार कर लिया। इस अवसर पर सकल जैन समाज द्वारा विधायक गौतम का भव्य अभिनंदन किया गया। इस दौरान उन्होंने आचार्यश्री द्वारा लिखित पुस्तक वृक्षांजलि का विमोचन किया।

जैन समाज का जताया आभार: सम्मान समारोह के दौरान विधायक शत्रुघ्न गौतम ने जैन समाज का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए आचार्य गुरु प्रज्ञा सागर महाराज व जैन समाज का ऋण है। उन्होंने कहा कि आज वे जो कुछ भी है वह आचार्य सुनील सागर महाराज व आचार्य वैराग्य नंदी महाराज के आशीर्वाद का प्रतिफल है। उन्होंने देश की आंतरिक सुरक्षा के संदर्भ में पहलगाम हमले व दिल्ली बम ब्लास्ट का जिक्र करते हुए सभी से सनातन धर्म की रक्षा के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। इस मौके पर गौतम ने आचार्यश्री को शास्त्र आदि भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

जिनाभिषेक व शांतिधारा: धर्मसभा की शुरुआत में नेमिनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष ज्ञान चंद सुनील कुमार जैन (ज्वैलर्स परिवार) ने आचार्य पुष्पदंत सागर महाराज के चित्र का अनावरण व आचार्य प्रज्ञा सागर महाराज के पाद प्रक्षालन किए। प्रातःकाल आचार्य श्री के सानिध्य में जिनाभिषेक, नित्य नियम पूजा व शांतिधारा के अनुष्ठान संपन्न हुए। धर्मसभा में बड़ी संख्या जैन समाज के महिला पुरूष व अन्य अतिथि मौजूद थे।

वरिष्ठजन सम्मान समारोह: शुक्रवार रात्रि को वरिष्ठजन सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आचार्य श्री प्रज्ञा सागर महाराज ने माता-पिता की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भगवान की पूजा से भी अधिक पुण्य वृद्ध माता-पिता की सेवा में है। उन्होंने मार्मिक शब्दों में कहा कि यदि हम अपने शरीर की चमड़ी की जूती बनाकर भी माता-पिता को पहना दें, तो भी उनके ऋण से मुक्त नहीं हो सकते। जब आचार्य श्री ने अपने गृहस्थ जीवन के माता-पिता का संस्मरण सुनाया, तो पाण्डाल में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गई।

100 जोड़ों का किया अभिनन्दन: मीडिया प्रभारी पारस जैन ने बताया कि वरिष्ठजन सम्मान समारोह के दौरान समाज के 65 वर्ष से अधिक आयु के 100 वृद्धजनों जोड़ों का तिलक, माला, साफा व दुपट्टा पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। परिवार के सदस्यों ने अपने माता-पिता के पाद प्रक्षालन कर आशीर्वाद लिया। संचालन कपिल भैया शास्त्री ने किया। जैन ने बताया कि हरित पर्यावरण मैराथन दौड़ व आचार्यश्री के मंगल विहार की जानकारी से जल्दी ही अवगत कराया जाएगा।


