Site icon Aditya News Network – Kekri News

तपोभूमि प्रणेता प्रज्ञा सागर महाराज का नगर प्रवेश शनिवार को, पलक-पावड़े बिछाकर स्वागत करेगा केकड़ी का जैन समाज

केकड़ी: मुनि प्रज्ञा सागर महाराज (फाइल फोटो)

केकड़ी, 26 दिसंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): तपोभूमि उज्जैन के प्रणेता महामुनिराज प्रज्ञा सागर महाराज ससंघ का केकड़ी नगर में मंगल आगमन 27 दिसंबर शनिवार को होगा। वे बोहरा कॉलोनी स्थित नेमिनाथ जैन मंदिर में प्रवास करेंगे। मुनिराज के आगमन को लेकर सकल जैन समाज में भारी उत्साह है। समाज के अध्यक्ष ज्ञान चंद जैन (ज्वेलर्स) एवं मंत्री कैलाश जैन (मावा वाले) ने बताया कि महाराजश्री शनिवार सुबह 8 बजे केकड़ी नगर की सीमा में प्रवेश करेंगे। सकल जैन समाज के गणमान्य नागरिकों द्वारा गोपाल पेट्रोल पंप पर मुनिश्री की भव्य अगवानी की जाएगी। अगवानी के पश्चात एक विशाल जुलूस निकाला जाएगा। जो नगर के मुख्य मार्गों से होता हुआ बोहरा कॉलोनी स्थित नेमिनाथ मंदिर पहुंचेगा।

विभिन्न मंडलों की रहेगी सहभागिता: मीडिया प्रभारी पारस जैन व रमेश बंसल ने बताया कि इस जुलूस में राजुल महिला मंडल, शांतिनाथ बहु मंडल, त्रिशला महिला मंडल, आदिनाथ बहु मंडल, वामा महिला मंडल, महिला महासमिति, दिगम्बर जैन महिला मंडल, शुभकामना परिवार व विशुद्ध वर्धनी महिला मंडल सहित समाज के विभिन्न युवा मंडल व बालिकाएं हाथों में केसरिया ध्वजा, पताकाएं व आकर्षक प्रॉब्स लेकर महाराज श्री के जयकारों के साथ चलेंगे। जुलूस बोहरा कॉलोनी स्थित भव्य पांडाल में पहुंचकर धर्मसभा में परिवर्तित होगा। यहां मुनिश्री के पाद प्रक्षालन एवं आरती के पश्चात उपस्थित श्रावक-श्राविकाओं को महाराज श्री के ओजस्वी मंगल प्रवचनों का लाभ प्राप्त होगा।

Exit mobile version