Homeचिकित्सासाकार हुआ संकल्प से सिद्धि तक का सफर: मृत्यु के बाद देहदान...

साकार हुआ संकल्प से सिद्धि तक का सफर: मृत्यु के बाद देहदान व नेत्रदान कर मानवता को दी नई रोशनी, पेश की सेवा व त्याग की अनुपम मिसाल

केकड़ी, 07 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): गुजराती मोहल्ला निवासी शशिकला देवी ने सेवा, त्याग व मानवता की अनुपम मिसाल प्रस्तुत करते हुए अपने निधन के पश्चात देहदान एवं नेत्रदान कर समाज को एक अमर प्रेरणा दी है। उनका यह महान निर्णय न केवल जरूरतमंदों के जीवन में नई रोशनी लाएगा, बल्कि समाज को परोपकार व मानव सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा। ज्ञातव्य है कि गत 22 फरवरी 2026 को शशिकला देवी व उनके पति शांति वल्लभ द्विवेदी ने भारत विकास परिषद शाखा की प्रेरणा से देहदान का संकल्प लिया था। परिषद की इस मुहिम को उन्होंने अपने जीवन के अंतिम पड़ाव के बाद भी साकार कर समाज के सामने एक उच्च आदर्श प्रस्तुत किया है।

केकड़ी: नेत्रदान की प्रक्रिया के तहत आई बैंक सोसायटी को कार्निया बॉक्स सौंपते परिवारजन।

आधी रात को हुआ नेत्रदान: भाविप के शाखा अध्यक्ष बहादुर सिंह शक्तावत ने बताया कि शशिकला देवी के निधन की सूचना मिलने पर परिषद के सहयोग से मध्य रात्रि में ही नेत्रदान की प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न कराई गई। आई बैंक सोसाइटी अजमेर के डॉ. भरत शर्मा ने अपनी टीम सहित केकड़ी पहुंचकर आवश्यक चिकित्सा प्रक्रिया पूर्ण की। इस पुनीत कार्य में मृतका के पति शांति वल्लभ द्विवेदी, देवर इंद्र वल्लभ, पुत्र जितेंद्र दवे, पुत्री सुनीता, पौत्री हर्षिता, पौत्र ऋतिक व अन्य परिजनों ने पूर्ण सहयोग देकर मानवता का अद्वितीय उदाहरण पेश किया।

केकड़ी: शशिकला द्विवेदी (फाइल फोटो)

नागरिकों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि: शाखा सचिव रामनिवास जैन ने बताया कि मंगलवार प्रातः पार्थिव शरीर को देहदान के लिए जे.एल.एन. मेडिकल कॉलेज अजमेर के लिए रवाना किया गया। पुष्पहारों से सुसज्जित एंबुलेंस में उनकी अंतिम यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों शांतिनाथ मंदिर, पुरानी केकड़ी, भेरू गेट, सरसड़ी गेट, खिड़की गेट व घंटाघर से होते हुए राजपथ तक निकाली गई। मार्ग में नागरिकों ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें अंतिम विदाई दी। देहदानी शशिकला देवी का यह निर्णय समाज में सेवा व समर्पण की भावना को नई दिशा देने वाला है। यह पुनीत कार्य आने वाली पीढ़ियों के लिए एक आदर्श बनेगा।

अजमेर पहुंचकर पूर्ण की प्रक्रिया: परिषद के प्रमुख सदस्यों व परिजनों ने अजमेर के जवाहर लाल नेहरू हॉस्पिटल पहुंचकर देहदान की वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण करवाई तथा एनाटॉमी विभाग को देह सुपुर्द करने की कार्रवाई की। इस दौरान परिषद के संरक्षक रामनरेश विजय, अध्यक्ष बहादुर सिंह शक्तावत, सचिव रामनिवास जैन, प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य सर्वेश विजय, कैलाश चंद जैन, अनिल राठी, नंदलाल गर्ग, विमल कोठारी, शिव बियानी, पुरुषोत्तम शर्मा सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक व सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES