केकड़ी, 29 मार्च (आदित्य न्यूज नेटवर्क): श्री मिश्रीलाल दुबे उच्च माध्यमिक अकादमी, केकड़ी के तत्वावधान में शनिवार को चैत्र शुक्ल प्रतिपदा और भारतीय नववर्ष के अवसर पर भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया। प्रधानाचार्य नरेंद्र कुमार पारीक ने बताया कि इस यात्रा में विद्यालय के 1100 विद्यार्थियों और 200 शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। संस्थान सचिव चन्द्रप्रकाश दुबे ने बताया कि भारतीय संस्कृति, परंपराओं और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित शोभायात्रा की शुरुआत पटेल मैदान स्थित विद्यालय परिसर से हुई।

ये रहे अतिथि इस मौके पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के खंड संघचालक सुभाष भाल, दैनिक नवज्योति के ब्यूरो चीफ सुरेन्द्र जोशी, भाजपा शहर मण्डल अध्यक्ष रितेश जैन, भाजपा बावनमाता मंडल अध्यक्ष राजवीर हावा, पार्षद मनोज कुमावत, ब्राह्मण युवा प्रकोष्ठ के सचिव पुष्पेन्द्र शर्मा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के जिला समन्वयक बृजराज शर्मा, शारीरिक शिक्षक नरेन्द्र सिंह भाटी, व्याख्याता विनोद जैन समेत अन्य अतिथि मौजूद रहे।

पुष्पवर्षा से किया स्वागत शुरुआत में अतिथियों ने भगवा ध्वज दिखाकर शोभायात्रा को रवाना किया। शोभायात्रा तेलियान मंदिर, तीनबत्ती चौराहा, अजमेरी गेट, घंटाघर, सदर बाजार, खिड़की गेट, सरसड़ी गेट, बैंक ऑफ बड़ौदा, शनि महाराज मंदिर, बस स्टैंड, पुलिस थाना एवं शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए विद्यालय परिसर पहुंच कर समाप्त हुई। नगरवासियों ने शोभायात्रा के मार्ग में कई स्थानों पर पुष्प वर्षा की तथा कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे केकड़ी के सांस्कृतिक विकास में महत्वपूर्ण कदम बताया।

आकर्षक झांकियों ने मोहा मन इस दौरान विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति, स्वतंत्रता संग्राम, समाज सुधार और राष्ट्रभक्ति से संबंधित सुंदर झांकियां प्रस्तुत कीं। विद्यार्थियों ने भगवान राम, कृष्ण, दुर्गा माता और अन्य ऐतिहासिक और पौराणिक पात्रों की वेशभूषा धारण की। संस्थान निदेशक डॉ. अविनाश दुबे ने आभार जताया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। संस्थान निदेशक अनिरूद्ध दुबे ने बताया कि हिन्दू नववर्ष पर विद्यालय द्वारा प्रतिवर्ष यह कार्यक्रम आयोजित किया जाता है।
