केकड़ी, 05 मार्च (आदित्य न्यूज नेटवर्क): न्यायालय के आदेश की अनुपालना में पुलिस व न्यायिक टीम ने जयपुर रोड स्थित एक विवादित मकान का कब्जा डिक्रीधारकों को सुपुर्द कर दिया। इस दौरान कब्जाधारी पक्ष की महिलाओं ने कार्रवाई का विरोध किया, लेकिन भारी पुलिस बल की मौजूदगी के कारण उनकी एक नहीं चली। प्राप्त जानकारी के अनुसार करीब 15 वर्ष पूर्व इस मकान को स्वर्गीय मिलापचंद ने वर्ष 2010 में न्यायिक नीलामी में खरीदा था। वर्ष 2011 में कब्जा मिलने के बाद विपक्षी पक्ष ने पुनः ताला तोड़कर कब्जा कर लिया था। लंबी कानूनी प्रक्रिया के बाद न्यायालय ने डिक्रीधारकों (मिलापचंद के वारिसान) के पक्ष में आदेश देते हुए पुलिस सहायता से कब्जा दिलाने के निर्देश दिए।

मौके पर रही गहमागहमी: गुरुवार को न्यायालय के आदेश पर केकड़ी शहर, केकड़ी सदर, सरवाड़ व सावर थाना सहित पुलिस लाइन से आए जाप्ते की मौजूदगी में न्यायिक टीम ने मकान खाली करवाकर डिक्रीधारक को सौंप दिया। मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील, पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा, सिटी थानाधिकारी अनिल शर्मा, सदर थानाधिकारी जगदीश चौधरी, सहायक नाजिर दिनेश कुमार शर्मा व विभिन्न थानों के अधिकारी उपस्थित रहे। पूरी कार्रवाई के दौरान गहमागहमी का माहौल रहा। उल्लेखनीय है कि गत 5 फरवरी 2026 को जब टीम कब्जा दिलाने पहुंची थी, तब कब्जाधारी बद्रीलाल छत पर चढ़ गया व आत्महत्या की धमकी देकर कार्य रुकवा दिया था। इस मामले में पुलिस ने राजकार्य में बाधा का प्रकरण भी दर्ज किया था।


